🔳 हाईवे पर जाम की समस्या से निपटने को लिया गया निर्णय
🔳 कैंची धाम क्षेत्र में भी श्रद्धालुओं के वाहनों में हुई बढ़ोतरी
🔳 वाहनों का दबाव कम होने के बाद पुलिस ने एक एक कर छोड़े वाहन
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर सुप्रसिद्ध कैंची धाम क्षेत्र को जाम से निजात दिलाने को पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी को रवाना हुए मालवाहक वाहनों को नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर खैरना क्षेत्र में रोक लिया गया। वाहनों का दबाव कम होने के बाद एक एक कर मालवाहक वाहनों को छोड़ा गया।
शनिवार को हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ने व सुप्रसिद्ध कैंची धाम क्षेत्र में श्रदालुओं के उमड़ने से जाम की स्थिति बन गई। समस्या से निपटने को पुलिस ने पूर्व से तैयार यातायात प्लान को लागू किया तथा अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, रानीखेत, चौखुटिया, गैरसैंण आदि क्षेत्रों से हल्द्वानी को रवाना हुए मालवाहक वाहनों को अल्मोड़ा व नैनीताल जनपद की सीमा पर खैरना क्षेत्र में रोक दिया गया। मालवाहक वाहनों को रोके जाने से अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तथा खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे पर वाहनों को कतार लग गई। दोपहर में कुछ वाहनों को छोड़ा गया पर एक बार फिर श्रद्धालुओं के वाहनों की संख्या में बढ़ोतरी होने से वाहनों को रोक लिया गया। शाम को यातायात सुगम होने पर खैरना पुलिस की टीम ने एक एक कर मालवाहक वाहनों को हल्द्वानी की ओर रवाना किया। वाहनों को छोड़े जाने से मालवाहक वाहनों के चालकों ने भी राहत की सांस ली।