🔳 मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट पर आवाजाही हुई बेहद ख़तरनाक
🔳 छह माह पूर्व हुए हादसे में खटीमा के एक ही परिवार के लोग गंवा चुके हैं जान
🔳 जगह जगह दुर्घटना का बना हुआ है खतरा
🔳 जगह जगह दीवारें गिरने व भू-धंसाव बन चुका है मुसीबत
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
गरमपानी डेस्क : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रीम प्रोजेक्ट में शुमार सैनिटोरियम – पाडली बाईपास जिम्मेदारों की अनदेखी का शिकार हो चुका है। छह माह पूर्व चालक समेत एक ही परिवार के पांच सदस्यों की इसी बाइपास पर हुए हादसे में दर्दनाक मौत के बावजूद अफसरों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। जगह जगह दुर्घटना का खतरा बना हुआ है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने करोड़ों रुपये के बजट से तैयार बाइपास पर आवाजाही खतरनाक होने पर नाराजगी जताई है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर सुप्रसिद्ध कैची क्षेत्र को जाम से निजात दिलाने को राज्य सरकार ने बाईपास निर्माण की रुपरेखा तैयार की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में सैनिटोरियम पाडली बाईपास निर्माण का कार्य शुरु किया गया। पहले चरण में 12 करोड़ रुपये से भी अधिक की लागत से करीब आठ किलोमीटर बाइपास बनकर तैयार हुआ। दूसरे चरण में करीब दस किलोमीटर दायरे में बाईपास निर्माण के दूसरे फेज का कार्य गतिमान है। पहले चरण में 12 करोड़ रुपये से भी अधिक के बजट से बने बाईपास निर्माण को अभी कुछ समय ही बीता था की जगह-जगह बाईपास दम तोड़ गया है। सुरक्षा दीवारों के ध्वस्त होने से मोटर मार्ग पर दरारें गहरा गई हैं। कई जगह सड़क धंसाव की जद में आ चुकी है। विभागीय उपेक्षा का आलम यह है कि आवाजाही के लिए सुरक्षा के ठोस इंतजाम न कर महज मिट्टी के ढेर लगा दिए गए हैं जिससे आवाजाही और ज्यादा खतरनाक हो गई है। रात के समय खतरा दोगुना बढ़ जा रहा है। एक ओर पहाड़ की ओर आवाजाही करने वाले यात्रियों व पर्यटकों को बाईपास से आवाजाही करवाने की जद्दोजहद की जा रही है वहीं दूसरी ओर बाईपास की हालत किसी बड़ी अनहोनी की ओर इशारा कर रही है। पांच माह पूर्व बाईपास पर कार के खाई की ओर गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदगी खत्म हो चुकी है बावजूद सड़क की हालत में सुधार नहीं किया जा रहा। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बिष्ट, गजेंद्र सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि 12 करोड़ों रुपये से भी अधिक की सरकारी धनराशि खर्च कर बाईपास का निर्माण किया गया है बावजूद लोगों को सुरक्षित आवाजाही का लाभ मिलने के बजाय जान जोखिम में डाल आवाजाही करनी पड़ रही है। मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट के रुप में पहचान रखने वाले बाईपास की दुर्दशा पर चिंता जताई है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के मनीष तिवारी, संजय सिंह बिष्ट, बिशन सिंह जंतवाल, प्रेम नाथ गोस्वामी, फिरोज अहमद, गोविंद सिंह नेगी, सुनील मेहरा आदि ने भी भारी भरकम बजट से तैयार बाईपास को तत्काल दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है ताकि भविष्य में आवाजाही सुरक्षित व सुगम हो सके। चेताया है कि यदि जल्द बाईपास की हालत में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
