🔳 वनाग्नि की घटनाओं पर समय रहते काबू करने को बताया जरुरी
🔳 दो वाहन व समुचित कर्मियों की तैनाती पर दिया जोर
🔳 बेतालघाट के साथ ही रामगढ़ व ताड़ीखेत ब्लॉक को मिलेगा लाभ
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
ग्रीष्मकाल में जंगलों को वनाग्नि से बचाने तथा बड़ी घटनाओं को टालने के लिए गरमपानी खैरना क्षेत्र में दो दमकल वाहनों के साथ फायर ब्रिगेड कर्मियों की मांग को लेकर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष ने सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट से गुहार लगाई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंप जनहित में अग्नि शमन केंद्र स्थापित किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
कोसी घाटी में एक के बाद एक जंगलों के आगे की चपेट में आना चिंता का विषय बन गया है। जंगलों में धधक रही आग पर काबू पाने को समुचित इंतजाम न होने से हालात बिगड़ जा रहे हैं। गर्मियों में स्थित खतरनाक होने का अंदेशा बना हुआ है। ऐसे में अब गांवों के मध्य में अस्थाई अग्निशमन केंद्र स्थापित किए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह बोहरा ने दावानल से जंगलों को बचाने तथा जंगलों की आग को आबादी तक पहुंचने से रोकने को पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अजय भट्ट से सिमलखा, धनियाकोट, सीम, सिल्टोना, बारगल, कफूल्टा, लोहाली, चमड़ियां समेत दर्जनों गांवों के मध्य में स्थित गरमपानी खैरना क्षेत्र में अस्थाई अग्निशमन केंद्र स्थापित किए जाने को पत्र सौंपा है। पूर्व मंडल अध्यक्ष ने पत्र के माध्यम से बताया की गरमपानी खैरना क्षेत्र में दो दमकल वाहनों व कर्मियों की तैनाती से जंगलों में लगने वाली आग पर समय रहते काबू पाया जा सकेगा। वर्तमान में यहां से तीस किमी दूर जिला मुख्यालय नैनीताल से वाहन गांवों को पहुंचता है तब तक हालात बिगड़ जाते हैं। गरमपानी खैरना क्षेत्र में अग्निशमन केंद्र स्थापित होने से बेतालघाट ब्लॉक ही नहीं बल्कि रामगढ़ व ताड़ीखेत ब्लॉक के लोगों को भी लाभ मिल सकेगा। उन्होंने क्षेत्र में दो दमकल वाहनों व कर्मियों की तैनाती की मांग उठाई है।
