🔳 किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ने सौंपा ज्ञापन
🔳 गर्भवती महिलाओं व ग्रामीणों को हो रही परेशानी का दिया हवाला
🔳 बेहतर सुविधा के लिए शहरी क्षेत्रों को रुख करना बनी मजबूरी
🔳 सीएचसी बेतालघाट, गरमपानी व सुयालबाड़ी में तैनाती पर दिया जोर
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेतालघाट, गरमपानी तथा सुयालबाड़ी में बाल व स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती की मांग को लेकर भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत को ज्ञापन सौंपा। बताया की विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी से गर्भवती महिलाओं व ग्रामीणों को तमाम समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। सुविधा उपलब्ध न होने से गांवो के लोगों में नाराजगी भी बढ़ते ही जा रही है।
भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलीप सिंह बोहरा ने स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत को ज्ञापन सौंप सीएचसी गरमपानी, बेतालघाट व सुयालबाड़ी में स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी के लिए ठोस कदम उठाए जाने की मांग उठाई है। ज्ञापन के माध्यम से बताया की तमाम गांवों के मध्य में होने से तीनों महत्वपूर्ण सीएचसी में हजारों लोग निर्भर है। बेतालघाट, गरमपानी व सुयालबाड़ी में से एक भी अस्पताल में बाल व स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं है जिस कारण गर्भवती महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुविधा का लाभ लेने के लिए कई किमी दूर शहरी क्षेत्रों की भागदौड़ करनी पड़ रही है। कई बार विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग भी उठाई जा चुकी है पर सुनवाई नहीं हो रही। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ने स्वास्थ्य मंत्री से जनहित को ध्यान में रख तीनों ही सीएचसी में स्त्री व बाल रोग विशेषज्ञों की तैनाती किए जाने पर जोर दिया। स्वास्थ्य मंत्री ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
