🔳 दोपांखी क्षेत्र में नवदुर्गा मंदिर के समीप हालात विकट
🔳 एनएच विभाग ने खतरा टालने को लगाया मिट्टी का ढेर
🔳 सुरक्षा उपायों की अनदेखी पर क्षेत्रवासियों में रोष
🔳 एनएच विभाग के अफसरों की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
🔳 खतरा टालने को ठोस सुरक्षात्मक कार्यों की उठाई मांग
[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]
गरमपानी डेस्क : एनएच प्रशासन के लापरवाह रवैए से अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर आवाजाही करने वाले यात्री व पर्यटक जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। दोपांखी क्षेत्र में नवदुर्गा मंदिर के समीप शिप्रा नदी की ओर खतरा टालने को मिट्टी के ढेर लगाकर इतिश्री कर दी गई है। एनएच विभाग की कार्यप्रणाली पर स्थानीय लोगों ने गहरी नाराजगी जताई है। आरोप लगाया है की लोग जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हैं वहीं एनएच के अफसरों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही।
यूं तो अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कदम कदम पर खतरा मुंह उठाए खड़ा है पर दोपांखी क्षेत्र में एनएच के अधिकारियों ने लापरवाही की सभी हदें पार कर दी है। बरसात के समय पहाड़ी से भूस्खलन के कारण गिरा मलबा हाईवे से सीधे शिप्रा नदी की ओर पलट दिया गया। मलबे से सुरक्षात्मक कार्य भी क्षतिग्रस्त हो गए पर सुरक्षा उपायों की आज तक सुध ही नहीं ली जा सकी है मजबूरी में पर्यटक, यात्री व वाहन चालक जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हो चुके हैं। दोनों ओर से वाहनों के आ जाने पर खतरा कई गुना बढ़ जा रहा है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। स्थानीय हिमांशु मिश्रा ने बताया की कई बार बड़ी दुर्घटना सामने आने से बच रही है। सुरक्षा के ठोस उपाय न कर महज मिट्टी के ढेर लगा दिए जाने से आवाजाही बेहद ख़तरनाक हो गई है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के गोधन सिंह बर्गली ने एनएच विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताई है। संजय सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, गोविंद सिंह, सुनील सिंह ने लगातार बढ़ रहे खतरे के बावजूद एनएच विभाग की अनदेखी पर गहरा रोष जताया है। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह बोहरा, देव भूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष पुष्कर सिंह पनौरा, आरटीआई कार्यकर्ता कृपाल सिंह मेहरा आदि ने खतरे वाले स्थान पर सुरक्षा के ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है ताकि आवाजाही सुरक्षित हो सके।
