🔳 तीन वर्षो से अब तक पूरा नहीं हो सका है योजना का कार्य
🔳 जिम्मेदारों की अनदेखी से पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों में गुस्सा
🔳 सबसे बड़ी ग्राम पंचायत की उपेक्षा किए जाने का आरोप
🔳 जल्द कार्य पूरा कर आपूर्ति सुचारु न होने पर आंदोलन का ऐलान
[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]

गरमपानी डेस्क : बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय से सटे अमेल ग्राम पंचायत के करीब साढ़े तीन सौ से अधिक परिवार लगभग चार करोड़ रुपये की जल जीवन मिशन योजना से पेयजल आपूर्ति की राह देख रहे हैं पर तीन वर्ष का लंबा समय बीतने के बावजूद अब तक योजना का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। कई महीनों से योजना का कार्य ठप पड़े होने से पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों का पारा सातवें आसमान पर है। क्षेत्रवासियों ने करोड़ों रुपये की सरकारी धनराशि की योजना का कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने पर रोष जताया है।
अमेल ग्राम पंचायत में पानी का सूखा खत्म करने को सरकार ने जल जीवन मिशन योजना से जोड़कर लाभान्वित करने को खाका तैयार किया। तीन वर्ष पूर्व चार करोड़ रुपये की भारी भरकम लागत से योजना का निर्माण शुरु होने से गांव के साढ़े तीन सौ से भी अधिक परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद जगी। कार्य शुरु किया गया पर कई महीनों पूर्व से ही कार्य आधा अधूरा छोड़ दिया गया है। कार्य ठप हो जाने से घर घर नल से जल पहुंचने की उम्मीदें भी धराशाई हो गई। ग्रामीणों ने कई बार कार्य शुरु करने की मांग भी उठाई पर कोई सुनवाई नहीं हो सकी। गांव के सैकड़ों परिवार आज भी महत्त्वाकांक्षी योजना से पानी उपलब्ध होने की राह देख रहे हैं पर दूसरी ओर योजना का कार्य शुरु होने का नाम नहीं ले रहा। बीते दिनों ग्रामीणों ने धरना भी दिया तब विभागीय अधिकारियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर जल्द कार्य शुरु किए जाने का भरोसा भी दिलाया बावजूद अब तक कार्य शुरु नहीं हो सका है‌। ग्राम प्रधान मीना बिष्ट ने जिम्मेदारों पर गांव की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया है। स्थानीय प्रकाश सिंह, त्रिभुवन सिंह, सूरज सिंह, बालम सिंह, गिरधर सिंह, अनिल सिंह, कुबेर सिंह आदि ग्रामीणों ने जल्द सुध न लिए जाने पर अब दोबारा आंदोलन शुरु करने की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!