🔳 महत्त्वपूर्ण मार्ग पर विशालकाय बोल्डर बन गया था परेशानी
🔳 लिंक मार्ग पर लंबे समय से ठप पड़ी थी आवाजाही
🔳 बोल्डर का निस्तारण होने पर ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
गरमपानी डेस्क : ब्लॉक मुख्यालय से सटे अमेल गांव से खैराली पुल को जोड़ने वाले लिंक मार्ग पर विशालकाय बोल्डर का आखिरकार निस्तारण कर दिया गया है। बोल्डर के हटने से पिछले एक माह से बंद लिंक मार्ग पर आवाजाही शुरु होने से गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है। जनसमस्या को लेकर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किए जाने पर गांव के लोगों ने तीखी नजर समाचार पोर्टल की सराहना की है।
अमेल गांव से खैराली पुल तक बने लिंक मोटर मार्ग से आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग आवाजाही करते हैं। करीब दो सौ से भी अधिकार परिवार लिंक मार्ग पर निर्भर है। किसान उपज को भी इसी मार्ग से मुख्य सड़क तक पहुंचाते हैं जहां से फिर उपज को बाजारों को भेजा जाता है। सिंचाई विभाग की जेसीबी मशीन ने सिंचाई नहर की मरम्मत कार्य के लिए रास्ते में आए विशालकाय बोल्डर को हटाने के लिए जद्दोजहद शुरु की। कार्य के दौरान बोल्डर गिरकर लिंक मार्ग के बीचोंबीच फंस गया जिससे आवाजाही ठप हो गई है। आवाजाही प्रभावित होने से गांव के लोग पैदल ही दूरी नापने को मजबूर हो चुके है। सड़क के बीचोंबीच बोल्डर के होने से आवाजाही पूर्णतः ठप हो जाने से स्थानीय लोगों को भी तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। बुजुर्ग व मरीज को अस्पताल लाने ले जाने में भी ग्रामीणों को तमाम दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। 16, 17 व 18 नवंबर को गांव में एक के बाद एक कर तीन शादियां है ऐसे में बारात के वाहन, टैंट, व राशन सामग्री आदि लाने के विषय में सोचकर गांव के लोग चिंतित थे। स्कूल आवाजाही करने वाले विद्यार्थी, स्वास्थ्य जांच को अस्पताल जाने वाली गर्भवती महिलाएं तथा बुजुर्ग भी जिम्मेदारों की अनदेखी का खामियाजा भुगत रहे थे। स्थानीय शेखर फुलारा ने कई दिन बीतने के बावजूद बोल्डर न हटाए जाने पर सिंचाई विभाग पर अनदेखी का आरोप भी लगाया। खुशाल सिंह, पंकज फुलारा, हीरा सिंह, रमेश सिंह, चंदन सिंह, पूर्व प्रधान पूजा फुलारा, गीता देवी , भावना देवी ने जल्द बोल्डर का निस्तारण कर आवाजाही शुरु करवाए जाने की मांग उठाई। बीते छह नवंबर को जनहित से जुड़े मुद्दे को लोकप्रिय तीखी नजर समाचार पोर्टल ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। समाचार प्रकाशित होने के बाद सिंचाई विभाग के अपर सहायक अभियंता सत्यजीत सरकार ने बोल्डर के निस्तारण कि जिम्मेदारी स्थानीय ठेकेदार को सौंपी। रविवार को कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार बोल्डर हटाकर रास्ता आवाजाही के लिए खोल दिया गया। रास्ता खुलने से गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है।
