🔳 खतरा टालने को अलर्ट मोड पर आया एनएच प्रशासन
🔳 रिपोर्ट व डीपीआर तैयार कर एनएच को सौंपेगा टीएचडीसी
🔳 खतरा टालने को होगा विशेष तकनीक का इस्तेमाल
🔳 लोहाली – चमड़ियां मोटर मार्ग से भी टलेगा खतरा

[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खतरा टालने को एनएच प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। टिहरी हाइड्रो पावर कारपोरेशन (टीएचडीसी) से सर्वे कराकर सुरक्षात्मक कार्यों के लिए डीपीआर मांग ली गई है। टीएचडीसी ने लगभग पांच खतरे वाले स्थानों को चिह्नित कर सर्वे रिपोर्ट तैयार कर ली है।
हाईवे पर जगह-जगह दरक रही पहाड़ियां खतरे का सबब बन चुकी है। कमजोर पड़ चुकी पहाड़ियों से आए दिन भूस्खलन होने से आवाजाही बेहद खतरनाक हो चुकी है। पहाड़ी से गिरते पत्थरों से कई लोग जान गंवा चुके हैं तो कई गंभीर रुप से घायल हो चुके हैं। पहाड़ी से गिरने वाले बोल्डर व मलबे से कई बार आवाजाही भी प्रभावित हो जाती है। बीती बरसात में हाईवे पर जगह-जगह हुए भूस्खलन ने आवाजाही में बाधा पैदा की। लगातार बढ़ रहे खतरे को टालने को अब एनएच प्रशासन हरकत में आ गया है। विभाग ने टीएचडीसी से संपर्क साध लोहाली, रातीघाट, नावली, गंगोरी तथा गंगोरकोट आदि क्षेत्रों में सर्वे करवा लिया है। दो चरणों में हुए सर्वे में टीएचडीसी ने खतरा टालने को रिपोर्ट तैयार कर ली है। अब एनएच प्रशासन को डीपीआर का इंतजार है ताकि सड़क व भूतल मंत्रालय भारत सरकार को बजट के लिए डीपीआर भेजी जा सके। एनएच के अधिशासी अभियंता महेंद्र कुमार के अनुसार हाईवे पर पांच डेंजर जोन चिन्हित कर सर्वे कर लिया गया है। जल्द ही डीपीआर केंद्रीय सड़क व भूतल मंत्रालय को भेजी जाएगी। बजट की स्वीकृति मिलने के बाद सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएंगे।

लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग से भी टलेगा खतरा

हाईवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले मोटर मार्ग से खतरा टालने को भी लोनिवि ने एनएच प्रशासन पर भरोसा जताया है। दरअसल पिछले कई वर्षों से लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग धंसाव की जद में हैं। तीखे मोड़ का एक बड़ा हिस्सा हाईवे की ओर गिर रहा है जिससे गांवों के लोग आवाजाही में तमाम परेशानियों का सामना करने को मजबूर हैं। लोनिवि कई बार सुरक्षात्मक कार्य करना चुका है बावजूद धंसाव थमने का नाम नहीं ले रहा। लोनिवि के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह बिष्ट के पत्राचार के बाद एनएच प्रशासन ने मोटर मार्ग पर धंसाव रोकने व हाईवे को सुरक्षित करने के लिए टीएचडीसी से सर्वे करवा लिया है। ईई हीरा सिंह बिष्ट के अनुसार लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग पर हाईवे की ओर से धंसाव बढ़ता ही जा रहा है। सुरक्षात्मक कार्य होने से खतरा टल सकेंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!