🔳 अंकिता हत्याकांड, वोट चोरी समेत कई मामलों में की घेराबंदी
🔳 गरमपानी पहुंची यात्रा में दूरदराज के गांवों से पहुंचे कार्यकर्ता
🔳 पदाधिकारियों ने भरा कार्यकर्ताओं में जोश
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अल्मोड़ा व नैनीताल जनपद की सीमा पर न्याय यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में निकली न्याय यात्रा में दूर दराज के गांवों से भी कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा सरकार पर तानाशाही व अहंकार का आरोप लगाते हुए घेराबंदी की। आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है जबकि पूरा प्रदेश गिरफ्तारी की मांग उठा चुका है बावजूद सरकार उसे बचाने में जुटी।
गुरुवार को कांग्रेस की न्याय यात्रा ने रानीखेत से नैनीताल जनपद में प्रवेश किया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा तथा पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। आरोप लगाया कि अंकिता हत्याकांड में कांग्रेस के भारी दबाव के बाद सरकार ने सीबीआई जांच तो बैठा दी, लेकिन मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया है।संविधान की धज्जियां उड़ाने का भी आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा वोटों की चोरी कर चुनाव जीत रही है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ठोस साक्ष्यों के साथ वोट चोरी के मामले में केंद्र की मोदी सरकार को कठघरे में खड़ा करने के बाद से पूरी सरकार असहज हो गई है। गरमपानी में कार्यक्रम के बाद न्याय यात्रा भवाली की ओर रवाना हो गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नैनवाल, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री पीसी गोरखा, खुशहाल हाल्सी, भुवन तिवारी समेत तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
