🔳जल संस्थान की बाजपुर से पहुंची टीम ने संभाला मोर्चा
🔳 योजना से आपूर्ति ठप होने से पांच सौ परिवार हुए परेशान
🔳 तमाम गांवों में बूंद बूंद पानी को मचा है हाहाकार
🔳 टैंक तक पहुंचा पानी, जल्द आपूर्ति सुचारु होने की जगी उम्मीद
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
सप्ताहभर से भी अधिक समय से बूंद बूंद पानी को तरस रहे कोसी घाटी के पांच सौ से अधिक परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद जग गई है। जल संस्थान की तकनीक टीम ने चौपता पंपिंग पेयजल योजना के पंप को दुरुस्त कर मुख्य टैंक तक पानी की आपूर्ति शुरु कर दी है। जल संस्थान के अवर अभियंता चेतन कुमार के अनुसार टैंक भरने के बाद सभी गांवों में आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
बेतालघाट ब्लॉक के सिल्टोना, ब्यासी, सीम, कठौत, बारगल, कफूल्टा, गजार, ढोन, पीलिखा समेत आसपास के तमाम गांवों को चौपता पंपिंग पेयजल योजना से पेयजल की आपूर्ति की जाती है। सप्ताहभर से भी अधिक समय से योजना का पंप फूंक जाने से गांवों में आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। पेयजल संकट गहराने से गांवों के लोग परेशान है। मजबूरी में ग्रामीण कड़ी धूप में दूरदराज स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से सिर पर पानी के बर्तन ढोने को मजबूर हो चुके हैं। बूंद बूंद पानी के लिए गांवों में हाहाकार मचा हुआ है। क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि विजय कुमार के पंप फूंकने की सूचना जल संस्थान के अधिकारियों को देने के बाद जल संस्थान की तीन सदस्यीय तकनीकी टीम बाजपुर से चौपता पंप हाऊस पहुंची। जांच में योजना के दूसरे फेज में लगे पंप के खराब होने की पुष्टि हुई। तकनीकी टीम के सदस्यों ने दो दिन की कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल पंप को दुरुस्त कर डाला। पंप के ठिक ढंग से काम करने से अब आपूर्ति सुचारु होने की उम्मीद जग गई है। जल संस्थान के अवर अभियंता चेतन कुमार के अनुसार योजना के दूसरे फेज का पंप फूंकने से आपूर्ति प्रभावित हुई थी। बाजपुर से पहुंची तकनीकी टीम के सदस्यों ने पंप को दुरुस्त कर लिया है। टैंक तक पानी पहुंचना शुरु हो चुका है। बताया की जल्द ही सभी गांवों को समुचित पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। योजना के दुरुस्त होने से गांवों के लोगों ने भी राहत की सांस ली है।
