🔳 लंबे समय से आपूर्ति न होने से चढ़ा व्यापारियों का पारा
🔳 गैस विभाग पर लगाया लगातार उपेक्षा किए जाने का आरोप
🔳 व्यवसायिक सिलेंडर न मिलने से दुकानें बंद करने को मजबूर हुए व्यापारी
🔳 जल्द आपूर्ति सुचारु किए जाने की उठी मांग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित तमाम क्षेत्रों में रसोई गैस व व्यवसायिक सिलेंडरों का संकट गहराने से नाराज व्यापारियों का सब्र जवाब देने लगा है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल की संयुक्त ईकाई ने जल्द आपूर्ति सुचारु न होने पर अब सिलेंडरों को लेकर श्री कैंची धाम तहसील मुख्यालय धमकने का ऐलान कर दिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने दो टूक कहा की गैस विभाग क्षेत्र की उपेक्षा पर आमादा हो चुका है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हाईवे पर स्थित सुयालबाड़ी, सुयालखेत, गंगोरकोट, गंगोरी, मनर्सा, नैनीपुल, खीनापानी समेत आसपास के तमाम बाजार क्षेत्रों में लंबे समय से रसोई गैस की आपूर्ति न होने से क्षेत्रवासी परेशान हैं। व्यवसायिक सिलिंडर उपलब्ध न होने से व्यापारी प्रतिष्ठानों को बंद करने को मजबूर हो चुके हैं। लंबे समय आवाज उठाए जाने के बावजूद सुध न लिए जाने से प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने अब आरपार का ऐलान कर दिया है। संयुक्त ईकाई के अध्यक्ष प्रकाश जोशी, महामंत्री रुप सिंह जीना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद भट्ट, सचिव अमित कनवाल, विनोद जीना, कुबेर सिंह जीना, मनोज दानी आदि ने आरोप लगाया की गैस विभाग के अधिकारी कोरा आश्वासन देकर इतिश्री कर दे रहे हैं पर लंबा समय बीतने के बावजूद सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं हो सकी है। रसोई गैस व व्यवसायिक सिलेंडरों का संकट बढ़ने से लोगों को तमाम परेशानियों से जूझना पड़ रहा है पर गैस विभाग के अधिकारी उपेक्षा पर आमादा हो चुके हैं। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने आपूर्ति सुचारु किए जाने की मांग उठाई है। चेतावनी दी है कि यदि अनदेखी की गई तो श्री कैंची धाम तहसील मुख्यालय में खाली सिलेंडरों को लेकर धरना दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *