🔳 बादरकोट व तल्ला कोट गांव के किसान हुए मायूस
🔳 सिंचाई का पानी न मिलने से खेत रोखड में तब्दील
🔳 विभागीय उपेक्षा पर ग्रामीणों ने जताया रोष
🔳 जल्द व्यवस्था दुरुस्त दुरुस्त न होने पर आंदोलन की चेतावनी
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]

गरमपानी डेस्क : बेतालघाट ब्लॉक के तल्लाकोट व बादरकोट गांव के किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने को बनी पंपिंग सिंचाई योजना के ठप पड़े होने से गांवों के करीब दो सौ से अधिक किसान मायूस हैं। सिंचाई के लिए योजना होने के बावजूद पानी उपलब्ध न होने पर किसानों के खेत बंजर हो चुके हैं। खेतीबाड़ी चौपट होने से किसानों की आर्थिकी भी बिगड़ने लगी है।
बादरकोट व तल्लाकोट गांव के किसानों को सिंचाई पंपिंग योजना से पानी की आपूर्ति की जाती है पर अप्रैल से अब तक योजना से किसानों को पानी मुहैया नहीं हो सका है जिस कारण किसान बेहद परेशान हैं। सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध न होने से किसानों का खेतीबाड़ी से मोहभंग हो चुका है। स्थानीय नीरज सिंह ने आरोप लगाया कि विभाग किसानों की उपेक्षा पर आमादा है। किसानों को लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है बावजूद जिम्मेदार सुध नहीं ले रहे। आरटीआई कार्यकर्ता कृपाल सिंह मेहरा के अनुसार मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बाद भी किसानों को सिंचाई का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा। गांव के किसानों ने जल्द सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। नलकूप खंड रामनगर के कनिष्ठ अभियंता मनीष सेमवाल के अनुसार ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से व्यवस्था चरमरा गई थी। तकनीकी खराबी दूर कर ली गई है। सप्ताहभर में आपूर्ति सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!