◾जलभराव से आवाजाही करने वाले राहगीर रहे परेशान
◾कई दुकानों व घरों में भी घुसा सड़कों का पानी
◾ व्यापारियों ने जताई नाराजगी, व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बारिश होने के साथ ही अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे, रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे समेत कई ग्रामीण सड़के जलमग्न हो गई। लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गड्ढों में पानी भरने से राहगीर भी परेशान रहे। कई बार मांग उठाए जाने के बावजूद सड़कों के गड्ढा मुक्त ना हो पाने से समस्या विकराल हो चुकी है।
रुक रुक कर हुई बारिश से अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर भोर्या बैंड, लोहाली, दोपांखी, पाडली आदि क्षेत्रों में सड़कों में पानी भरा रहा। रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे भी तलैया में तब्दील हो गया। वहीं तमाम गांवो को जोड़ने वाले भुजान – रिची, बेतालघाट – भुजान, बर्धो – बेतालघाट, रातीघाट – बेतालघाट समेत तमाम सड़कों पर जगह-जगह पानी भरा रहा। वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा जबकि राहगीरों को भी जल भराव से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़कों में पानी भरा रहने से सड़कों का पानी लोगों के घरों व दुकानों में भी जा घुसा जिससे लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। व्यापारी नेता गजेंद्र सिंह नेगी, मनीष तिवारी, मनोज नैनवाल, फिरोज अहमद, गोविंद नेगी आदि ने आरोप लगाया कि कई बार सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की मांग उठाई जा चुकी है बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। विभाग के लापरवाही का खामियाजा क्षेत्रवासियों को उठाना पड़ रहा है। व्यापारियों ने सड़कों पर बनी नाली खोलने तथा सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की पुरजोर मांग उठाई है।
