◾चीख-पुकार के बीच आपातकालीन द्वारा से बाहर निकाले गए यात्री
◾दिल्ली से बागेश्वर रवाना हुई थी बस, बडा़ हादसा टला
◾अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर दोपांखी क्षेत्र की घटना
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर दोपांखी क्षेत्र में यात्रियों से भरी रोडवेज की बस असंतुलित होकर खाई की ओर लटक गई। दुर्घटना से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। बस के आपातकालीन द्वार से यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही की बडा़ हादसा टल गया। दूसरे वाहन से यात्रियों को गंतव्य को रवाना किया गया। क्रेन के मदद से खाई की ओर लटकी दुर्घटनाग्रस्त बस को भी बामुश्किल हाईवे पर लाया जा सका।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर बडा़ हादसा टल गया। बीते मंगलवार को नानकमत्ता निवासी गणेश नाथ दिल्ली से रोडवेज बस यूके 07 पीए 4217 से करीब 31 यात्रियों को लेकर बागेश्वर को रवाना हुआ। बुधवार मध्यरात्रि बस अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर दोपांखी क्षेत्र के समीप पहुंची ही थी की गणेश बस पर संतुलन खो बैठा। नतीजतन बस असंतुलित होकर हाईवे पर पुल के रैलिग को तोड़ती हुई खाई की ओर लटक गई। बस के खाई की ओर लटकने से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हर कोई बस से बाहर निकलने लगा तभी परिचालक बागेश्वर निवासी भूपाल सिंह ने सूझबूझ का परिचय दे यात्रियों को मुख्य द्वार से बाहर निकलने से रोक आपातकालीन द्वार से बाहर निकलने को कहा। सूचना पर चौकी प्रभारी खैरना दिलीप कुमार, राजेंद्र सती, जगदीश धामी, प्रयाग जोशी आदि पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और सभी यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी यात्रियों के खाई की ओर लटकी बस से सुरक्षित बाहर आने के बाद पुलिसकर्मियों ने भी राहत की सांस ली। दूसरे वाहन से यात्रियों को गंतव्य को रवाना किया गया। वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से हाइवे पर आवाजाही भी ठप हो गई। पुलिस टीम ने यातायात सुचारु कराया। क्रेन की मदद से वाहन को भी बामुश्किल हाइवे पर लाया जा सका।
