◾ उत्तराखंड सरकार के सचिव के आगे जोर शोर से उठा पेयजल संकट का मुद्दा
◾ जल जीवन मिशन योजना पर भी ग्रामीणों ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
◾ तमाम समस्याएं उठा की समाधान की मांग
◾ सचिव ने दिए प्राथमिकता से समस्याओं के समाधान के निर्देश
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के सिल्टोना गांव में लगे शिविर में ग्रामीणों ने तमाम समस्याएं उठाई। गांव के वासिदों ने जल जीवन मिशन योजना के कार्यों में लापरवाही तथा पेयजल संकट का मुद्दा जोरशोर से उठाया। सचिव विनोद प्रसाद रतूड़ी ने अधिकारियों को तय समय पर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। इससे पूर्व सचिव ने शिप्रा नदी में बाढ़ सुरक्षा तथा सिल्टोना गांव में हो रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
गुरुवार को सिल्टोना गांव स्थित जूनियर हाईस्कूल विद्यालय परिसर में उत्तराखंड सरकार के सचिव विनोद प्रसाद रतूड़ी ने जनसमस्याएं सुनी। गांव के बाशिंदों ने तमाम समस्याएं उठा समाधान की मांग की। पूर्व ब्लाक प्रमुख किशन राम व मोहन राम, नंदन सिंह, पनी राम, राजेंद्र सिंह ने जल जीवन मिशन योजना के तहत गांव में हुए कार्यों पर सवाल उठाए। आरोप लगाया कि योजना के पाइप मानक के अनुसार नहीं बिछाए गए हैं। योजना में बड़े भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया। किशोर कुमार, हेम चंद्र, चंद्र प्रकाश, किशन चंद्र, नारायण सिंह, चंदन, कुंदन सिंह ने गांव में पेयजल संकट का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। कहा कि महज प्लास्टिक के पाइप बिछा इतिश्री की गई है। विभागीय अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कई बार कहे जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। जीआइसी गरजोली में भवनों की मरम्मत के साथ ही प्रधानाचार्य समेत रिक्त पदों पर शिक्षकों की तैनाती की मांग भी उठी। सीम – ब्यासी मोटर मार्ग को दुरुस्त करने तथा मुआवजा न मिलने का मुद्दा भी उठा। जेडी कत्यूरी ने अटल आवास योजना के नियमों को लचीला करने के साथ ही ग्रामीण विकास विभाग से आवासीय भवनों की मरम्मत को मिलने वाली धनराशि पर रोक हटाए जाने का मुद्दा उठाया। सचिव विनोद प्रसाद रतूड़ी ने विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता से समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। साफ कहा कि कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा, बीडीओ महेश चंद गंगवार, भाजपा मंडल अध्यक्ष सोबन सिंह, ग्राम प्रधान सरस्वती देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य केशव आर्या, विनोद ढौंडियाल, नरेश असवाल,जया बिष्ट, भुवन फुलारा,भुवन आर्या, भगवत सिंह आदि मौजूद रहे।
