🔳 एक भी सुरक्षा कर्मी की तैनाती न होने से बढ़ता जा रहा खतरा
🔳 पर्यावरण मित्र व कार्यालय कर्मी के कंधों पर 112 बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी
🔳 विद्यालय परिसर में लगे अधिकांश सीसीटीवी कैमरे भी खराब
🔳 लगातार सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की मांग के बावजूद हो रही अनदेखी
🔳 कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष ने जताई नाराजगी
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

बेतालघाट स्थित आश्रम पद्धति आवासीय विद्यालय में नौनिहालों की सुरक्षा राम भरोसे हैं। विद्यालय में सौ से अधिक विद्यार्थियों व सात शिक्षकों की मौजूदगी के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था शून्य है। कई बार आवासीय विद्यालय में होमगार्ड व पीआरडी जवानों की तैनाती की मांग भी उठ चुकी है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। विद्यालय की अनदेखी पर जनप्रतिनिधियों ने गहरी नाराजगी जताई है। जल्द सुरक्षा के ठोस उपाय न होने पर समाज कल्याण कार्यालय में धरने का ऐलान कर दिया है।
ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट क्षेत्र में स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय में छठी से दसवीं कक्षा तक लगभग 112 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम न होने से नौनिहालों व शिक्षकों की जिंदगी पर खतरा बढ़ता ही जा रहा है। आवासीय विद्यालय होने के बावजूद एक भी सुरक्षा कर्मी की तैनाती न होने से तमाम गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सुरक्षा कर्मी न होने से विद्यालय प्रबंधन भी पर्यावरण मित्र व एक कार्यालय कर्मी के भरोसे बामुश्किल कामचलाऊ व्यवस्था के तहत पहरा दे रहे हैं। विद्यालय परिसर में लगे अधिकांश सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े होने से मुसीबत दोगुनी बढ़ जा रही है। कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ के पूर्व जिला उपाध्यक्ष नवीन चंद्र आर्या ने आवासीय विद्यालय में सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं की अनदेखी पर गहरी नाराजगी जताई है साथ ही विद्यालय में अध्ययनरत नौनिहालों व शिक्षकों की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त की है। जिला उपाध्यक्ष नवीन समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय में समुचित सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त करने तथा परिसर में सोलर लाइटें स्थापित करने के साथ ही जंगली जानवरों की घुसपैठ रोकने को तारबाड़ व मजबूत सुरक्षा दीवार के निर्माण की पुरजोर मांग उठाई है। चेतावनी दी है की यदि अनदेखी की गई तो फिर आंदोलन को विवश होना पड़ेगा ‌ विद्यालय के प्रधानाचार्य बीआर कालाकोटी के अनुसार पीआरडी व होमगार्ड जवानों की तैनाती को प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा जा चुका है। स्वीकृति मिलते ही तैनाती की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *