◾ सुप्रसिद्ध कैंची धाम में लगने वाले मेले के मद्देनजर शुरु हुई तैयारी
◾ शटल सेवा के जरिए कैंची धाम पहुंचेंगे बाबा भक्त
◾नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
आगामी 14 और 15 जून को कैंची धाम स्थापना दिवस और भंडारे के अवसर पर यातायात व्यवस्था बनाये रखने को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान बनाया है। लोगों से नियमों के पालन का आह्वान भी किया गया है।
सुप्रसिद्ध कैंची धाम में स्थापना दिवस पर लगने वाले मेले की तैयारियां तेज हो गई है। हल्द्वानी से अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ को जाने वाले भारी वाहन, यात्री वाहन, प्राईवेट वाहन 14 जून को खुटानी मोड़, पदमपुरी-पोखराड़-कशियालेख-शीतला-मौना-ल्वेशाल – क्वारब होते हुए अल्मोड़ा को निकलेंगें। नैनीताल से अल्मोड़ा , पिथौरागढ़ जाने वाले भारी वाहन / यात्री वाहन / प्राइवेट वाहन भवाली रामगढ़ तिराहे से होते हुए मल्ला रामगढ़, नथुवाखान, क्वारब से आगे निकलेंगे।
अल्मोड़ा / पिथौरागढ़ से आने वाले भारी वाहन, यात्री वाहन एवं प्राईवेट वाहन 14 जून को क्वारब पुल से मौना-ल्वेशाल-शीतला-पदमपुरी होते हुऐ खुटानी बैंड से भीमताल की ओर प्रस्थान करेंगे। रानीखेत से आने वाले भारी वाहन खैरना से क्वारब होते हुए ल्वेशाल – मौना – पदमपुरी से खुटानी बैन्ड से भीमताल की ओर प्रस्थान करेंगे। भवाली की ओर से कैंची आने वाले दोपहिया वाहनों को प्रारंभ में कैंची हरतपा रोड में पार्क कराए जाएंगे,स्थान भर जाने पर जंगलात बैरियर से भवाली की ओर सड़क किनारे चौड़े स्थानों पर पार्क कराए जाएंगे। भीमताल की तरफ से कैंची धाम आने वाले चार पहिया प्राइवेट वाहनों को नगरपालिका ग्राउण्ड में पार्क कराया जायेगा । नगरपालिका ग्राउण्ड की पार्किंग फुल हो जाने पर वाहनों को नैनीबैण्ड से निर्माणधीन बाईपास में पार्क कराया जायेगा। नैनीताल की ओर से कैंची धाम आने वाले चारपहिया वाहनों को पेट्रोल पम्प के पास पार्किंग फुल हो जाने पर सैनिटोरियम से भवाली गाँव जाने वाली सड़क पर पार्क कराया जायेगा। जहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा भवाली पेट्रोल पम्प से वन विभाग बैरियर निगलाट तक उपलब्ध रहेगी। खैरना की ओर से कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को खैरना पेट्रोल पम्प के आगे खाली स्थान पर पार्क कराया जायेगा। वहां से शटल सेवा के माध्यम से पनीराम ढाबे तक लाया व ले जाया जायेगा। ओवरलोडिंग, तीव्र गति से वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन चलाने तथा दोपहिया वाहनों में तीन सवारी व बिना हेलमेट चलाने पर कठोर कानूनी कार्यवाही भी की जायेगी।
