◾पंचायत प्रतिनिधियों ने उठाई गांव तक वाहन से आपूर्ति की मांग
◾जिलाधिकारी को ज्ञापन भेज बताई परेशानी
◾सड़क के बावजूद गांव तक गैस वाहन न पहुंचने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे ईनाड़ गांव के बासिदों ने गांव तक रसोई गैस के वाहन से सिलेंडरो की आपूर्ति किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। जिलाधिकारी को ज्ञापन भेज बकायदा परेशानी भी गिनाई है। गांव तक सड़क निर्माण होने के बावजूद वाहन से आपूर्ति न किए जाने पर गहरी नाराजगी भी जताई है।
हाइवे से सटे ताड़ीखेत ब्लॉक के ईनाड़ गांव में रसोई गैस उपभोक्ताओं को गांव से करीब तीन किलोमीटर की दूरी नापने के बाद रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध हो रहा है। ग्रामीण वाहन में सिलेंडर रख काकड़ीघाट द्वारसो मोटर मार्ग पर स्थित चनैला क्षेत्र में पहुंचते हैं। जहां अल्मोड़ा स्थित गैस गोदाम से आने वाले रसोई गैस के वाहन से सिलेंडर लेकर दोबारा गांव तक पहुंचाया जाता है। ग्रामीणों के अनुसार वाहन से आवाजाही में अतिरिक्त धनराशि खर्च करनी पड़ती है जबकि गांव तक मोटर मार्ग बनकर तैयार हो चुका है। बावजूद गैस सिलेंडर के लिए आज भी अतिरिक्त दूरी तय करना मजबूरी बन चुका है। ग्राम प्रधान कमला देवी तथा पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेंद्र सिंह ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेज गांव तक रसोई गैस के वाहन से सिलेंडरो की आपूर्ति की गुहार लगाई है ताकी गांव में स्थित पचास उपभोक्ताओं को लाभ मिल सके। जिलाधिकारी से संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर गांव तक वाहन के जरिए आपूर्ति करवाए जाने की मांग उठाई है।
