◾बाबा भोलेनाथ के जयकारों से गुंजायमान हुई कोसी घाटी
◾ गांव की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में निकाली कलश यात्रा
◾कथा श्रवण को आसपास के गांवों से उमड़ा आस्था का सैलाब
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय से सटे श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान से माहौल भक्तिमय हो उठा। विधि विधान से पूजा अर्चना के बाद शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ का श्रीगणेश हो गया। गांव की महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में कलश यात्रा निकाली। भोलेनाथ के जयकारों से समूची कोसी घाटी गूंजायमान हो उठी।
शुक्रवार सुबह विधि विधान से आमबाडी़ व घंघरेठी गांव के समीप जीवनदायिनी कोसी नदी के तट पर स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान शुरु हुए। मंहत भगवान गिरी की देखरेख में धर्माचार्यो ने यजमानों से धार्मिक अनुष्ठान पूरे कराए। गांवो से पहुंची महिलाओं ने भोलेनाथ के जयकारों के बीच कलश यात्रा निकाली। भगवान शिव के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो उठा। भजन मंडली ने समां बांधा। कथा व्यास आचार्य खजान पंत ने भगवान शंकर की लीलाओं का वर्णन कर कहा की जगत के पालनहार संसार के कण कण में विराजमान हैं। जो भी भक्त सच्चे मन से ईश्वर की अराधना करता है उसकी मनोकामना निश्चित रुप से पूर्ण होती है। कथा व्यास ने श्रद्धालुओं से हमेशा सदमार्ग पर चलने का आह्वान किया। कथा सुनने आसपास के तिवाड़ीगांव, रतौडा़, नैनीचैक, घोड़िया हल्सों, बेतालघाट, रोपा, अमेल, सेठी, बसगांव, सोनगांव, वर्धो, बढेरी, सिमलखा समेत तमाम गांवों से श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। चौदह अगस्त को पूर्णाहुती व महाआरती के बाद भंडारे के साथ कथा का पारायण होगा। मंदिर समिति सदस्य दिनभर व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।
