◾मोर का कुनबा लगातार बढ़ने से किसान हुए परेशान
◾सब्जियों की पैदावार को नुकसान पहुंचा रहा मोर का झुंड
◾ किसानों ने उठाई उपज बचाने को ठोस उपाय किए जाने की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट व ताड़ीखेत ब्लॉक के गांवों में जंगली मोर परेशानी का सबब बन चुके हैं। मोर उपज को चट कर दे रहे हैं। जिससे कास्तकारो को नुकसान उठाना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने उपज को बचाने के लिए ठोस उपाय किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे से सटे ताड़ीखेत ब्लॉक के चापड़ तथा बेतालघाट ब्लॉक के थापली व हल्सों गांवों में जंगली मोर किसानों के लिए सिरदर्द बन चुके हैं। आए दिन मोर झुंड में खेतों में पहुंच उपज को बर्बाद कर दे रहे हैं। सुबह के वक्त खेतों में मोर पहुंचकर शिमला मिर्च, हरी मिर्च, गोभी, बीन आदि सब्जियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। भगाने पर भी मोर खेतों से हटने को तैयार नहीं हो रहे। किसानों के अनुसार पहले मौसम ने उपज को नुकसान पहुंचाया अब बची-खुची उपज मोर चौपट कर दे रहे हैं। लगातार हो रहे नुकसान से अब खेतीबाड़ी से भी मोहभंग होता जा रहा है। उपज के बर्बाद होने से बैंकों का कर्ज भी बढ़ता ही जा रहा है। महिला किसान नीमा देवी, गंगा देवी, पुष्पा देवी, कांति देवी, कमला देवी, चंपा देवी, लीला देवी आदि ने मोरो के आंतक से निजात दिलाए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। साफ कहा की यदि ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में खेतीबाड़ी बचानी मुश्किल हो जाएगी।
