🔳 गांव के एक हिस्से में आपूर्ति ठप होने से सूखे जैसे हालात
🔳 दूर दराज से पानी ढोने को मजबूर हुए ग्रामीण
🔳 कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद अनदेखी का आरोप
🔳 ग्रामीणों ने जल्द व्यवस्था में सुधार की उठाई मांग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे सूरी गांव में तीस से अधिक परिवार बूंद बूंद पानी को तरस गए हैं। पेयजल योजना से गांव के एक हिस्से में डेढ़ महीने से भी अधिक महीने से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। ग्रामीणों ने जल्द व्यवस्था में सुधार किए जाने की मांग उठाई है।
हाईवे से सटे सूरी गांव में बूंद बूंद पानी को हाहाकार मचा हुआ है। लगभग डेढ़ महीने से आपूर्ति प्रभावित होने से गांव के लोग दूरदराज स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोने को मजबूर हो चुके हैं। आपूर्ति ठप होने से गांव के एक हिस्से के करीब तीस से भी अधिक परिवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। ग्रामीणों के अनुसार कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं किया जा रहा। मजबूरी में दूर दराज से पानी ढोना पड़ रहा है। शादी समारोह आदि में सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रीष्मकाल की शुरुआत में ही संकट पैदा होने से ग्रामीण भविष्य में पानी को लेकर चिंतित हैं। स्थानीय पंकज सिंह, देव सिंह, राम सिंह, जोगा सिंह, गोपाल सिंह, कृपाल, डूंगर, जीवन चंद्र, तेज सिंह आदि ग्रामीणों ने पेयजल व्यवस्था में सुधार न किए जाने व बार बार आवाज उठाए जाने के बावजूद अनदेखी पर गहरी नाराजगी जताई है। जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु किए जाने पर जोर दिया है। दो टूक चेतावनी दी है कि यदि उपेक्षा की गई तो आंदोलन को विवश होना पड़ेगा।