🔳 प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने उठाई पुरजोर मांग
🔳 तीन ब्लॉक व सैकड़ों गांवों के मध्य में स्थित है गरमपानी अस्पताल
🔳 उपजिला चिकित्सालय बनने से हजारों की आबादी हो सकेगी लाभान्वित
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी को उपजिला चिकित्सालय का दर्जा उपलब्ध कराए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने सैकड़ों गांवों के मध्य में स्थित सीएचसी गरमपानी को उपजिला चिकित्सालय बनाकर क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की मांग उठाई है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तथा बेतालघाट, रामगढ़ व ताड़ीखेत ब्लॉक के सैकड़ों गांवों की हजारों की आबादी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर है। दूर दराज के गांवों से भी ग्रामीण उपचार को यहां पहुंचते हैं। ऐसे में अब सीएचसी को उपजिला चिकित्सालय का दर्जा दिए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों का लाभ दिलाने जाने को सीएचसी को अब उपजिला चिकित्सालय बनाए जाने पर जोर दिया है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिला संगठन मंत्री बिशन सिंह जंतवाल, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष प्रेम नाथ गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट के अनुसार सीएचसी गरमपानी से रानीखेत, अल्मोड़ा तथा नैनीताल की दूरी तीस किमी से अधिक है जबकि हल्द्वानी सत्तर किमी की दूरी पर है ऐसे में सीएचसी गरमपानी उपजिला चिकित्सालय बनाए जाने के मानकों पर भी खरा उतर रहा है। मनीष तिवारी, गौरव पंत, विवेक पंत, योगेश कांडपाल, रोहित बिष्ट, संजय सिंह, दीवान सिंह, सुनील मेहरा, गोविंद सिंह नेगी आदि ने अस्पताल को उपजिला चिकित्सालय बनाए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। दो टूक कहा कि यदि अनदेखी हुई तो क्षेत्र के लोगों को साथ लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।