🔳 जिलाधिकारी को भेजी गई होम स्टे बंद करने की संस्तुति
🔳 19 प्रतिष्ठान के संचालकों को व्यवस्था चाक चौबंद करने के निर्देश
🔳 श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन की टीम ने 44 प्रतिष्ठानों पर मारे छापे
🔳 प्रशासन की एकाएक हुई कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में मचा हड़कंप
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन की टीम ने अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित कई होमस्टे, होटल व रेस्टोरेंटों में ताबड़तोड़ छापेमारी। उपजिलाधिकारी व तहसीलदार की अगुवाई में गठित टीम ने 44 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। 12 होमस्टे में गंभीर अनियमिताएं मिलने पर उन्हें बंद करने की संस्तुति जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को भेजी गई। 19 प्रतिष्ठानों के संचालकों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
सोमवार को श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन एक्शन मोड पर दिखा। उपजिलाधिकारी मोनिका तथा तहसीलदार भुवन चंद भंडारी की अगुवाई में गठित अलग-अलग टीमों ने कैंची, निगलाट, गरमपानी, खैरना समेत आसपास के क्षेत्रों में स्थित होमस्टे, होटल व रेस्टोरेंटों में ताबड़तोड़ छापे मारे। प्रशासन की एकाएक हुई कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान 12 होमस्टे बगैर पंजीकरण समेत तमाम अन्य गंभीर अनियमितताओं के संचालित होते पाए गए। इन सभी को बंद करने की संस्तुति जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को भेजी गई। 19 होमस्टे, होटल व रेस्टोरेंट संचालकों को सीसीटीवी, अभिलेख समेत अन्य व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के निर्देश दिए गए। दो टूक कहा की कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान राजस्व निरीक्षक नरेश असवाल, राजस्व उपनिरीक्षक मोहम्मद शकील, रवि पांडे आदि मौजूद रहे।




