◾गरमपानी – खैरना बाजार क्षेत्र में पशुओं के जमघट से लोग परेशान
◾स्कूली बच्चों व राहगीरों पर मंडरा रहा बडा़ खतरा
◾कई बाइक सवार टकरा कर हो चुके चोटील, हाइवे पर आवाजाही भी हो रही प्रभावित
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित गरमपानी खैरना मुख्य बाजार क्षेत्र में आवारा गौवंशीय पशुओं की लगातार बढ़ती संख्या परेशानी का सबब बन चुकी है। स्कूली नौनिहालों तथा राहगीरों पर भी खतरा बढ़ता ही जा रहा है। व्यापारियों ने गौवंशीय पशुओं को गौसदन भेजने तथा पशुओं को बाजार में छोड़ने वालो के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
हाइवे पर स्थित गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में आवारा गौवंशीय पशुओं की अधिकता से आवाजाही मुश्किल होती जा रही है। गौवंशीय पशुओं का झुंड हाइवे पर जहां तहां घुम रहा है जिस कारण स्कूली नौनिहालों पर भी खतरा बढ़ता ही जा रहा है। अभिभावक भी चिंतित हो चुके हैं। कई बाइक सवार पशुओं से टकराकर घायल तक हो चुके हैं। हाइवे पर आवाजाही तक प्रभावित हो जा रही है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल खैरना अध्यक्ष गजेंद्र नेगी ने आरोप लगाया की आसपास के गांवों से गोवंशीय पशुओं को बाजार क्षेत्र में छोड़ दिया जा रहा है। पशुओं की बढ़ती संख्या से बाजार क्षेत्र में आवाजाही खतरनाक हो चुकी है। गरमपानी ईकाई अध्यक्ष मनीष तिवारी, गोविंद नेगी, वीरेंद्र मेहरा, मनोज नैनवाल, राकेश जलाल, संतोंष मंगच्वाडी, कैलाश पिनारी आदि ने पशुओं को गौसदन भेजने तथा गौवंशीय पशुओं को आवारा छोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
