🔳 अल्मोड़ा दौरे से लौटते समय पहुंचे शहीद के आवास
🔳 स्वजनों से कई अहम बिंदुओं पर की चर्चा
🔳 स्वजनों ने बेटी को शहीद कोटे से सरकारी नौकरी की लगाई गुहार
🔳 कैबिनेट मंत्री ने दिया हर संभव मदद का भरोसा
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

प्रदेश के कृषि व उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रातीघाट क्षेत्र में बलिदानी सपूत संजय सिंह बिष्ट के आवास पहुंचकर स्वजनों से मुलाकात की। कैबिनेट मंत्री ने शहीद के स्वजनों से कई विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। स्वजनों ने कैबिनेट मंत्री को शहीद आश्रित कोटे से पुत्री को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की गुहार लगाई।
सोमवार को अल्मोड़ा दौरे से लौटते समय प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी जम्मू के राजौरी में आतंकियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में मां भारती की आन, बान, शान में अपना सर्वोच्च निछावर कर देने वाले बलिदानी (सेना मेडल) पैरा कमांडो संजय सिंह बिष्ट के आवास पर रुके। कैबिनेट मंत्री ने शहीद के पिता देवेंद्र सिंह बिष्ट व अन्य स्वजनों से मुलाकात की। कहा की बलिदानी सपूत भारत माता की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुआ है। संजय की शहादत को पूरा देश प्रदेश नमन करता है। कैबिनेट मंत्री ने शहीद के स्वजनों से कई अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। शहीद के स्वजनों ने बेटी को शहीद आश्रित कोटे से सरकारी नियुक्ति देने संबंधी पत्र सौंपा। कैबिनेट मंत्री ने स्वजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। टी बोर्ड घोड़ाखाल के कमलेश उप्रेती ने कैबिनेट मंत्री को ग्रीन टी भेंट की। इस दौरान शहीद के भाई भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष धीरज तिवारी, मदन कैड़ा, देवेंद्र सिंह, तारा सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।