🔳 विद्युत लाइनों पर जहां तहां गिरे पेड़ व टहनियां
🔳 कोसी घाटी के तीन हजार से ज्यादा उपभोक्ता हुए परेशान
🔳 विद्युत कर्मियों ने चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अधिकांश गांवों बाहल की आपूर्ति
🔳 जगह जगह क्षतिग्रस्त हुए तार, समय रहते आपूर्ति बंद करने से टली बड़ी घटना
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

तेज बारिश व अंधड़ ने कोसी घाटी में विद्युत व्यवस्था अस्त-व्यस्त कर डाली। जगह जगह विद्युत लाइनों में पेड़ व टहनियां गिरने से पचास से भी अधिक गांवों में आपूर्ति चरमरा गई। विद्युत विभाग के कर्मचारी व्यवस्था करने में जुटे रहे। चार घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद गांवों में बामुश्किल आपूर्ति सुचारु हो सकी। लाइनों में पेड़ गिरने से तार जहां तहां गिर गए। गनीमत रही कोई चपेट में नही आया और बड़ी अनहोनी टल गई।
रविवार को दोपहर में एकाएक मौसम का मिजाज बदल गया। अंधड के साथ हुई तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। तेज हवा से कई जगह विद्युत लाइनों पर पेड़ गिरने से आपूर्ति ठप हो गई। पचास से अधिक गांवों में आपूर्ति प्रभावित होने से अंधेरा छा गया। करीब तीन हजार से अधिक उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। जगह जगह पेड़ गिरने की सूचना पर विद्युत विभाग ने समय रहते मुख्य लाइन बंद कर दी। बारिश थमने के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने आपूर्ति बाहल किए जाने के प्रयास शुरु किए। जगह जगह धराशाई पेड़ व टहनियों को हटाकर क्षतिग्रस्त तारों को दुरुस्त किया गया। चार घंटे से भी अधिक समय तक कर्मचारी आपूर्ति सुचारु करने में जुटे रहे तब जाकर अधिकांश क्षेत्रों में आपूर्ति सुचारु हो सकी। विद्युत विभाग के अवर अभियंता गजेंद्र सिंह बिष्ट के अनुसार लाइनों में पेड़ व टहनियां गिरने से काफि नुकसान पहुंचा है। समय रहते आपूर्ति सुचारु करने के प्रयास शुरु कर दिए गए।