🔳 लगातार बढ़ रहा खतरा पर नहीं टूट रही विद्युत विभाग की नींद
🔳 ग्राम प्रधान सिमराड ने खोला मोर्चा, लगाए गंभीर आरोप
🔳 कई बार लिखित व मौखिक सूचना के बावजूद स्थिति जस की तस
🔳 जल्द सुधार न होने पर आंदोलन की दे डाली चेतावनी
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

रामगढ़ ब्लॉक के तमाम गांवों में झूल रहे विद्युत तार व लकड़ी के जर्जर पोल बड़ी अनहोनी की ओर इशारा कर रहे हैं बावजूद विद्युत विभाग की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद अब तक सुध लिए जाने से पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। जल्द व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
रामगढ़ ब्लॉक के सिमराड, बांज, टिकुरी समेत तमाम गांवों में विद्युत विभाग की लापरवाही से क्षेत्रवासी दहशत में दिन काटने को मजबूर हो चुके हैं। गांवों में लगे लकड़ी के पोल जर्जर हालत में पहुंचने से कभी भी धराशाई होने का खतरा बना हुआ है। चीड़ के पेड़ों से सटे तथा कई जगह झूल रहे तार बड़ी घटना की ओर इशारा कर रहे हैं बावजूद विद्युत विभाग अनदेखी पर आमादा है। ग्राम प्रधान सिमराड भारतेन्दु पाठक ने आरोप लगाया की दस से भी अधिक बार लिखित व मौखिक रुप से लकड़ी के पोलों को बदलने व झूलते तारों को ठिक करने की गुहार लगाई जा चुकी है बावजूद विद्युत विभाग लापरवाह बना हुआ है। साफ कहा की विभाग लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ पर आमादा हो चुका है। दो टूक चेतावनी दी की यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों को साथ लेकर विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता के कार्यालय में ही धरना शुरु कर दिया जाएगा।