🔳 एक के बाद एक कई घटनाएं आ चुकी सामने
🔳 कई लोग गंवा चुके जान, तमाम लोग हो चुके गंभीर घायल
🔳 पैराफिट पर बैठने वाले संतुलन खोने से गिर रहे नदी की ओर
🔳 क्षेत्रवासियों ने सुरक्षा के ठोस उपाय किए जाने की उठाई मांग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

अल्मोड़ा व नैनीताल जनपद की सीमा पर खैरना क्षेत्र में कोसी नदी पर बने रानीखेत पुल के समीप बने पैराफिटो पर बैठकर वाहनों का इंतजार करने वाले यात्रियों की जिंदगी पर खतरा बढ़ता ही जा रहा है। कई लोगों की पैराफिटो से नदी क्षेत्र की गिरकर मौत भी हो चुकी है जबकि कई लोग गंभीर रुप से चोटिल तक हो चुके हैं बावजूद जिम्मेदार अनदेखी पर आमादा है। स्थानीय लोगों ने खतरा टालने को सुरक्षित उपाय किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
खैरना क्षेत्र में कोसी नदी पर वर्षों पुरानी रानीखेत पुल के विकल्प के तौर पर नए पुल का निर्माण किया गया। पुल के दोनों ओर सुरक्षित यातायात को पैराफिट भी बनाए गए पर अब पैराफिट ही खतरे का सबब बन चुके हैं। यात्री व पर्यटक पैराफिटो पर बैठकर वाहनों का इंतजार कर रहे हैं पर संतुलन बिगड़ने से बड़ी अनहोनी का अंदेशा भी बना हुआ है। पूर्व में पैराफिट में बैठे कई लोग असंतुलित होकर नदी क्षेत्र की ओर गिरने से बेमौत मारे जा चुके हैं जबकि कई लोग घायल तक हो चुके हैं। स्थानीय विरेन्द्र सिंह बिष्ट के अनुसार फैराफिट में अक्सर लोग बैठे रहते हैं। थोड़ा सा भी संतुलन बिगड़ने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। गजेंद्र सिंह नेगी, मोहित जोशी, गोविंद सिंह, मनीष तिवारी आदि ने पैराफिट हटाकर सुरक्षित व मजबूत तारबाड़ किए जाने की मांग उठाई है। अंदेशा जताया की यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कभी भी बड़ी अनहोनी सामने आ सकती है।