🔳 गुस्साए तल्ली सेठी के ग्रामीणों ने नारेबाजी कर जताया रोष
🔳 कृषि विभाग की तारबाड़ क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप
🔳 शमशान घाट के रास्ते को भी बंद किए जाने पर जताई नाराजगी
🔳 एसडीएम व थानाध्यक्ष बेतालघाट को पत्र भेज उठाई कार्रवाई की मांग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

बेतालघाट अमेल सेठी मोटर मार्ग पर लोडर मशीन से रातोंरात महिला किसान की जमीन पर खदान कर अवैध रोड तैयार किए जाने, कृषि विभाग के तारबाड़ को ध्वस्त करने तथा गांव के शमशान घाट को जाने वाला रास्ता बंद कर दिए जाने से ग्रामीणों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। ग्रामीणों ने नारेबाजी कर रोष जताया। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के साथ ही किसानों की जमीन को तहस-नहस किए जाने का आरोप लगा एसडीएम व एसओ बेतालघाट को पत्र भेज कार्रवाई की मांग उठाई।
मंगलवार को तल्ली सेठी ग्राम पंचायत के ग्रामीण भड़क गए। बेतालघाट – अमेल – सेठी मोटर मार्ग पर कृषि भूमि को नुकसान पहुंचाए जाने व शमशान घाट को जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण तथा कृषि विभाग के तारबाड़ को तहस नहस किए जाने से गुस्साए दर्जनों ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर नारेबाजी कर गुबार निकाला। आरोप लगाया की रातोंरात लोडर मशीन से गांव की महिला किसान के खेत को तहस नहस कर अवैध रोड तैयार कर दी गई है। सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया है। सवाल उठाया की मनमानी करने वाले लोगों को आखिरकार लोडर मशीन चलाने की अनुमति किसने दी। महिलाओं ने भी दंबगई करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। आरोप लगाया की किसानों की जमीनों को खुलेआम तहस नहस किया जा रहा है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। बगैर प्रशासनिक व पंचायत की अनुमति के लोडर मशीन से कृषि विभाग के तारबाड़ को नुकसान पहुंचाकर व शमशान घाट के रास्ते को रोक किसानों का उत्पीडन किया जा रहा है। दो टूक कहा की यदि मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया तो ग्रामीण बेतालघाट तहसील परिसर में धरने को विवश हो जाएंगे। ग्राम प्रधान प्रताप कुमार ने मामले पर कड़ी कानूनी कार्रवाई पर जोर दिया। तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी के अनुसार मामले की जांच शुरु कर दी गई है। अवैध रोड को भी बंद कर दिया गया है। बगैर अनुमति लोडर मशीन से कार्य किए जाने के साक्ष्य उपलब्ध होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान हीरा सिंह, कृपाल सिंह, तुलसी देवी, आंनद सिंह, हंसी देवी, हीरा सिंह नेगी, कृपाल सिंह, ललित मोहन सिंह, प्रहलाद सिंह, करम सिंह, धाम सिंह, हेमा देवी, मुन्नी, देवकी, बिशना देवी समेत तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *