🔳 गैस प्रबंधक के पूर्ति निरीक्षक को पत्राचार किए जाने के बावजूद अनदेखी
🔳 पत्राचार को बीता एक माह से भी अधिक का समय
🔳 खाद्य व आपूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर खड़े हुए सवाल
🔳 व्यवसायिक सिलिंडर उपलब्ध न होने से व्यापारी हुए हलकान
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
बेतालघाट क्षेत्र में घरेलू व कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने में खाद्य व आपूर्ति विभाग नाकाम साबित हो रहा है यह हालत तब है जब गैस गोदाम के प्रबंधक पूर्ति निरीक्षक को पत्राचार तक कर चुके हैं। अप्रैल के महीने पत्राचार के बावजूद खाद्य व आपूर्ति विभाग ठोस कदम नहीं उठा सका है। वहीं पिछले एक माह से बेतालघाट स्थित गैस गोदाम को कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति न होने से संबंधित विभाग व्यापारियों को सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा पा रहा है।
ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट स्थित गैस गोदाम से सैकड़ों गांवों व बाजार क्षेत्रों को रसोई गैस की आपूर्ति की जाती है। पिछले एक माह से भी अधिक समय से गैस गोदाम को कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति ठप है। डिपो से ही सिलेंडर बेतालघाट गोदाम तक नहीं पहुंच पा रहे हैं जिस कारण गैस विभाग होटल व रैस्टोरेंट संचालकों को कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा पा रहा है जिस कारण होटल व रैस्टोरेंट संचालकों का व्यवसाय प्रभावित होता जा रहा है। सिलेंडरों के अभाव में कई दुकानें बंद तक हो चुकी है। बेतालघाट क्षेत्र में कालाबाजारी रोकने में नाकाम हो चुके खाद्य व आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की नींद भी नहीं टूट रही। कालाबाजारी से घरेलू सिलेंडरों की खपत बढ़ने से एक बार फिर संकट गहराने का अंदेशा बढ़ गया है। गैस प्रबंधक मोहन चंद्र कांडपाल ने बताया कि बेतालघाट बाजार में गैस की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने पूर्ति निरीक्षक को पत्राचार किए जाने के बावजूद आज तक कार्रवाई शुरु नहीं हो सकी है।
