🔳 आवाजाही करने वाले यात्री व पर्यटक रहे परेशान
🔳 सुबह से शाम तक कई बार चरमराई यातायात व्यवस्था
🔳 कैंची व आसपास बेतरतीब ढंग से पार्क वाहन भी बने जाम का कारण
🔳 निजी पार्किंग स्थलों में मनमाने ढंग से आ जा रहे वाहनों ने भी बिगाड़ी व्यवस्था
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर जाम से निजात पाने को तमाम रणनीति बनाएं जाने के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा है। हाईवे पर कैंची व आसपास सुबह से शाम तक कई बार लगे जाम से यात्री व पर्यटक परेशान रहे। लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। कैंची से पाडली क्षेत्र तक वाहनों की कतार लगी रही।
शनिवार को हाईवे पर यातायात का दबाव बढ़ने से कई बार यातायात व्यवस्था चरमरा गई। कैंची क्षेत्र में वाहनों के बेतरतीब ढंग से जहां तहां पार्क होने तथा निजी पार्किंगो में बगैर निगरानी अव्यवस्थित ढंग से आ जा रहे वाहनों से हाईवे पर यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। वाहनों की कतार लगे रहने से जाम की समस्या से निजात दिलाने को बनाई गई रणनीति भी बेकार नजर आई। सुबह से शाम तक कई बार जाम लगने से हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ समेत तमाम क्षेत्रों से हल्द्वानी की ओर जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने लगातार जाम की समस्या के बावजूद ठोस उपाय न होने पर गहरी नाराजगी भी जताई। कैंची व आसपास वाहनों को बेतरतीब ढंग से पार्क करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की मांग उठाई। हाईवे से पहाड़ों की सैर पर निकले पर्यटकों को भी जाम के झाम का सामना करने को मजबूर होना पड़ा।
