🔳 उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर मिलने पर जताई नाराजगी
🔳 सीएमओ से लगवाई अनुपस्थिति, कार्रवाई के दिए निर्देश
🔳 स्वास्थ्य सुविधाओं में कोताही कतई बर्दाश्त न करने की दी चेतावनी
🔳 व्यापार मंडल अध्यक्ष की मांग पर सप्ताह में एक दिन रेडियोलोजिस्ट की तैनाती के निर्देश
🔳 प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ने किया सीएचसी का‌ औचक निरीक्षण
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

कुमाऊं दौरे पर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य गरमपानी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रभारी चिकित्साधिकारी के नदारद रहने पर स्वास्थ्य मंत्री का पारा चढ़ गया। सीएमओ से स्पष्टीकरण लेने तथा मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। सप्ताह में एक दिन रेडियोलोजिस्ट की तैनाती कर अल्ट्रासाउंड सेवा सुचारु किए जाने पर भी जोर दिया।
शनिवार को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य मंत्री के एकाएक अस्पताल पहुंचने पर हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य मंत्री ने आपातकालीन सेवाओं का जायजा लिया। औषधि कक्ष, वार्ड की स्थिति देख अभिलेखों की जांच की। मरीजों से अस्पताल से मिल रही सुविधाओं पर फिडबैक भी लिया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. जेएस पटपटिया के उपस्थित रजिस्टर में हस्ताक्षर के बावजूद नदारद रहने पर स्वास्थ्य मंत्री का पारा चढ़ गया। सीएमओ से अनुपस्थित लगाकर तत्काल प्रभारी चिकित्साधिकारी का स्पष्टीकरण लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए। अस्पताल की शौचालयों की स्थिति पर भी गहरी नाराजगी जताई। देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष पुष्कर सिंह पनौरा ने स्वास्थ्य मंत्री को अल्ट्रासाउंड सेवा सुचारु किए जाने को ज्ञापन सौंपा जिस पर उन्होंने सीएमओ को सप्ताह में एक दिन रेडियोलोजिस्ट की तैनाती करने को कहा। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने स्पष्ट किया की आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल में तैनात चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों से भी बेहतर कार्य करने को कहा। इस दौरान सीएमओ डा. हरीश पंत, डा. योगेश कुमार, फार्मासिस्ट गिरीश पांडे, वरिष्ठ भाजपा नेता महेंद्र अधिकारी आदि मौजूद रहे।