🔳 जिला प्रशासन के निर्देश पर सर्वे को गठित हुई संयुक्त टीम
🔳 राजस्व, कृषि व उद्यान विभाग की टीम देखेगी हालात
🔳 सर्वे पूरा होने के बाद उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी रिपोर्ट
🔳 ओलावृष्टि व अंधड़ से किसानों को पहुंचाया है भारी नुकसान
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

ओलावृष्टि व अंधड़ से फल व सब्जी उत्पादक पट्टी के किसानों को हुए नुकसान की भरपाई को प्रशासन ने कमर कस ली है। जिला प्रशासन के निर्देश पर श्री कैंची धाम तहसील के तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी ने राजस्व, कृषि व उद्यान विभाग की संयुक्त टीमों का गठन कर नुकसान की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। तहसीलदार के अनुसार रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी ताकि किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा उपलब्ध है सके।
बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक के तमाम गांवों में बीते दिनों अंधड़ व ओलावृष्टि ने आड़ू, पुलम, खुमानी, नाशपाती तथा सेब की उपज को भारी नुकसान पहुंचाया जबकी गेहूं, मटर, हरी मिर्च, धनिया आदि की फसल को भी तहस नहस कर डाला। जंगली जानवरों के आंतक से परेशान किसान ओलावृष्टि व अंधड़ से उपज बर्बाद होने व हजारों रुपयों का नुकसान से मायूस हो गए। बेहतर उत्पादन से मुनाफे की उम्मीद लगाए बैठे किसानों के सपने चकानाचूर हो गए। लगातार मुआवजे की मांग उठने के बाद अब किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराने की कवायद तेज हो गई है। जिला प्रशासन से निर्देश मिलने के बाद श्री कैंची धाम तहसील के तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी ने राजस्व उपनिरीक्षक, उद्यान व कृषि विभाग के कर्मचारियों की तीन सदस्यीय अलग अलग टीमों का गठन कर किसानों को हुए नुकसान की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। संयुक्त टीम खेतों में पहुंचकर नुकसान का जायजा ले रिपोर्ट तैयार करेगी। तहसीलदार के अनुसार संयुक्त टीमों का गठन कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित की जाएगी। उच्चाधिकारियों से अग्रिम आदेश मिलने के बाद आगे कदम बढ़ाएं जाएंगे।