🔳 तहसीलदार को ज्ञापन सौंप दाखिल खारिज रोकने की उठाई मांग
🔳 शांत गांवों के अशांत होने का जताया अंदेशा
🔳 गांवों में सक्रिय भू माफियाओं के खिलाफ पर कार्रवाई की मांग
🔳 अनदेखी पर तहसील परिसर में धरने का ऐलान
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के कांडा गांव में समुदाय विशेष के जमीन खरीद फरोख्त पर पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों का पारा चढ़ गया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने तहसीलदार बेतालघाट को ज्ञापन सौंपकर जमीन की दाखिल खारिज प्रकिया पर रोक लगाने की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि प्रकिया नहीं रोकी गई तो गांव के लोगों को साथ लेकर आंदोलन की रुपरेखा तैयार की जाएगी।
कांडा ग्राम पंचायत में समुदाय विशेष से जुड़े व्यक्ति के जमीन खरीदे जाने से पंचायत प्रतिनिधि व ग्रामीण आक्रोशित हो उठे हैं। ग्राम प्रधान भुवन चंद्र व जिला पंचायत सदस्य संजय बोहरा की अगुवाई में तहसील बेतालघाट पहुंचे ग्रामीणों ने समुदाय विशेष से जुड़े व्यक्ति के गांव में जमीन खरीदे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। आरोप लगाया कि गुपचुप ढंग से गांव के सीधे साधे लोगों को साझे में लेकर जमीनों की खरीद फरोख्त की जा रही है जिससे भविष्य में गांव के सौहार्दपूर्ण माहौल बिगड़ने का अंदेशा है। जमीन की गुपचुप ढंग से की गई रजिस्ट्री पर भी रोष जताया। पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से उक्त जमीन की दाखिल खारिज प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई। दोहराया कि यदि दाखिल खारिज की प्रक्रिया पर रोक नहीं लगाई गई तो तहसील मुख्यालय में ही अनिश्चितकालीन धरना शुरु कर दिया जाएगा। गांवों में सक्रिय भू माफियाओं पर भी कार्रवाई पर जोर दिया। क्षेत्र पंचायत सदस्य रणजीत रावत, दीवान सिंह, राम सिंह, संजय कुमार, तारा भंडारी, बालम बोहरा, शेखर दानी आदि ने भी मामले में कार्रवाई पर जोर दिया है।
