🔳 खुमानी के कई पेड़ों को कर डाला तहस नहस
🔳 बगीचे में पेड़ों की हालत देख किसान के उड़े होश
🔳 खैरना चौकी में शिकायती पत्र देकर उठाई कार्रवाई की मांग
🔳 रामगढ़ ब्लॉक के सूदूर धूरा छियोडी गांव की घटना
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
रामगढ़ ब्लॉक के धूरा छियोडी गांव में अराजक तत्वों ने किसान के खुमानी के बगीचे में घुसकर पेड़ों को तहस नहस कर डाला। सुबह बगीचे की हालत देख किसान के पैरों तले जमीन खिसक गई। बगीचा स्वामी ने खैरना चौकी में शिकायती पत्र देकर अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
गांवों में रहकर फल व सब्जी उत्पादन में जुटे किसानों के लिए पहले जंगली जानवर अभिशाप बन चुके हैं वहीं अराजक तत्वों के गांवों में सक्रिय होने से किसान परेशान हैं। बीती रात धूरा छियोडी गांव निवासी जीवन प्रकाश के खुमानी के बगीचे में पहुंचकर अराजक तत्वों ने तांडव कर डाला। एक एक कर खुमानी के कई पेड़ों को तहस नहस कर दिया। पेड़ों को नुकसान पहुंचाने के बाद अराजक तत्व फरार हो गए। रोज की तरह गुरुवार सुबह जब जीवन प्रकाश बगीचे में पहुंचे तो खुमानी के पेड़ों की हालत देख उनके होश उड़ गए। किसान ने खैरना चौकी में शिकायती पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग उठाई है। आरोप लगाया की तमाम परेशानियों के बावजूद हाड़तोड़ मेहनत कर फल व सब्जी उत्पादन का कार्य किया जा रहा है पर अराजक तत्वों के हौंसले बुलंद होते जा रहे हैं। यहीं हालत रहे तो पलायन को मजबूर होना पड़ेगा। गांव के अन्य किसानों ने ही घटना पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त कर कार्रवाई पर जोर दिया है।
