🔳 पीएमजीएसवाई विभाग ने सरकार को भेजा प्रस्ताव
🔳 जौरासी गौणा मोटर मार्ग पर पंप हाऊस के समीप मंडरा रहा खतरा
🔳 भू-धंसाव बढ़ने से आवाजाही भी हुई खतरनाक
🔳 भूस्खलन से पंप हाउस को भी नुकसान का अंदेशा
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण जौरासी गौणा मोटर मार्ग पर सिंचाई पंपिंग योजना के पंप हाऊस के समीप मंडरा रहे खतरे को लगभग 42 लाख रुपये के बजट से टालने को कवायद तेज हो गई है। पीएमजीएसवाई विभाग के अधिकारियों ने कई दौर के सर्वे के बाद सुरक्षात्मक कार्यों के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बजट को हरी झंडी मिलते ही कार्य शुरु करवाया जाएगा।
जौरासी गोणा मोटर मार्ग पर गांव की महत्वपूर्ण सिंचाई योजना के पंप हाऊस के समीप भू-धंसाव बढ़ने से आवाजाही खतरनाक हो चुकी है। धंसाव बढ़ने से मोटर मार्ग के अस्तित्व पर भी संकट बढ़ता ही जा रहा है। भूस्खलन की स्थिति में भविष्य में पंप हाउस को भी नुकसान पहुंचने का अंदेशा है। मोटर मार्ग पर आवाजाही सुरक्षित किए जाने तथा सड़क के अस्तित्व को बचाने की मांग जोर पकड़ने के बाद अब पीएमजीएवाई विभाग के अधिकारी हरकत में आ गए हैं। विभागीय अफसरों ने कई दौर के सर्वे कर सुरक्षात्मक कार्यो का खाका तैयार कर लिया है। मोटर मार्ग व पंप हाउस को बचाने के लिए सड़क की बुनियाद पर मजबूत सुरक्षा कार्यों की रुपरेखा बनाई गई है। सुरक्षात्मक कार्य के साथ ही सुगम आवाजाही को मजबूत क्रश बैरियर लगाए जाने को भी करीब 42 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। उम्मीद है की बजट को स्वीकृति मिलते ही सुरक्षात्मक कार्य शुरु करा दिए जाएंगे। कार्य होने के बाद महत्वपूर्ण सड़क पर मंडरा रहे खतरे को टाला जा सकेगा। पीएमजीएसवाई विभाग के अपर सहायक अभियंता मनोज खुल्बे के अनुसार मोटर मार्ग के ठिक ऊपर पंप हाउस से लगातार पानी की लीकेज से खतरा बढ़ रहा है। संबंधित विभाग को भी पत्राचार किया गया है।
