🔳 अल्ट्रासाउंड, एक्सरे व एमआरआई मशीन कराई गई उपलब्ध
🔳 अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को मिलेगा हाईटेक मशीनों का लाभ
🔳 मशीनें उपलब्ध कराए जाने पर अस्पताल प्रबंधन ने ट्रस्ट का जताया आभार
🔳 विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों व पंचायत प्रतिनिधियों तथा क्षेत्रवासियों ने भी की सराहना
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]
कैंची धाम ट्रस्ट ने समाजसेवा के क्षेत्र में एक और कदम बढ़ाते हुए नैनीताल स्थित बीडी पांडे जिला अस्पताल को अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड, एक्सरे व एमआरआई मशीन उपलब्ध कराई है। जनहित में उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक मशीनों से अब अस्पताल पहुंचने वाले मरीज लाभान्वित हो सकेंगे। कैंची धाम ट्रस्ट के अस्पताल को मशीनें उपलब्ध कराए जाने पर विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों, पंचायत प्रतिनिधियों व क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त की है।
गुरुवार को बीडी पांडे अस्पताल में हुए कार्यक्रम में कैंची धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष ओपी बिंद्रा अस्पताल प्रबंधन को अल्ट्रासाउंड, एक्सरे व एमआरआई मशीन भेंट की।अस्पताल के पीएमएस डा. टीके टम्टा ने कहा कि अस्पताल में पहले से मौजूद पुरानी मशीनों की जगह अब आधुनिक तकनीक से लैस मशीनें स्थापित होने से मरीजों को लाभ मिलेगा। मशीनों के संचालन से मरीजों को त्वरित जांच सुविधा मिलेगी जिससे उपचार प्रक्रिया और बेहतर हो सकेगी। अस्पताल प्रबंधन ने कैंची ट्रस्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। ट्रस्ट के अध्यक्ष ओपी बिंद्रा ने बताया कि ट्रस्ट हमेशा से ही समाज की भलाई के लिए कार्य करता रहा है और भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा व जनकल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा। वक्ताओं ने ट्रस्ट प्रबंधन के कार्यों की सराहना की। इस दौरान ट्रस्ट प्रबंधक प्रदीप साह, शैलेश साह, डा. अनिरुद्ध गंगोला, एमपी सिंह, शारदा आदि मौजूद रहे।
