🔳 बाइक सवार युवक भी चपेट में आने से बाल बाल बचा
🔳 लोगों के हो हल्ला करने पर जंगल को भागा गुलदार
🔳 घायल गौवंशीय पशु का करवाया गया उपचार
🔳 क्षेत्रवासियों ने गुलदार के आंतक से निजात दिलाने की उठाई मांग
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

रातीघाट बेतालघाट मोटर मार्ग पर नौडा क्षेत्र में गुलदार के गौवंशीय पशुओं पर हमलावर होने से हड़कंप मच गया। हमले में गौवंशीय पशु घायल हो गया। गुलदार के हमले से बाइक सवार युवक भी बाल बाल बच गया। आवाजाही कर रहे लोगों ने हो हल्ला कर गुलदार को भगाया। घायल गौवंशीय पशु का उपचार भी किया गया।
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में गुलदार दहशत का पर्याय बन चुका है वहीं अब गुलदार दिन दोपहर मोटर मार्ग तक भी पहुंच जा रहे है‌। गुरुवार को रातीघाट बेतालघाट मोटर मार्ग पर नौडा क्षेत्र के समीप जंगल की ओर से उतरे गुलदार ने गोवंशीय पशु पर हमला कर दिया। नजदीक से गुजर रहा बाइक सवार भी गुलदार की चपेट में आने से बाल बाल बचा। इसी बीच यात्री वाहन के आने व लोगों के हो हल्ला करने से गुलदार गौवंशीय पशु को छोड़ जंगल की ओर भाग गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पशुपालन विभाग के कर्मचारी को बुलाकर गोवंशीय पशु का उपचार करवाया। स्थानीय बालम राम, पंकज सिंह, राम लाल, लाभांशु सिंह, पूरन लाल, लाल सिंह आदि ने वन विभाग से गुलदार के आंतक से निजात दिलाने को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है।