🔳 पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
🔳 वाहन चालकों पर लगाया झूठी शिकायत का आरोप
🔳 बस का संचालन रुकने से गिनाई परेशानियां
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों के पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने श्री कैंची धाम तहसील की उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप चमड़ियां लोहाली – हरीनगर हरतोला मोटर मार्ग पर पुनः बस संचालन की गुहार लगाई है। आरोप लगाया की कुछ वाहन स्वामियों की झूठी शिकायत पर बस का संचालन बंद कर दिया गया है। झूठी शिकायत करने वालों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई है।
गुरुवार को लोहाली गांव के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि त्रिभुवन सिंह की अगुवाई में तमाम गांवों के पंचायत प्रतिनिधि व ग्रामीण उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने कहा की लोहाली चमड़ियां – हरीनगर हरतोला मोटर मार्ग पर पिछले एक वर्ष से केमू बस का संचालन किया जा रहा था। बस संचालित होने से गांवों आसपास के गांवों के ग्रामीण लाभान्वित हो रहे थे। फल व सब्जी उत्पादक पट्टी होने से किसानों को भी बाजार क्षेत्रों को आवाजाही में बस का लाभ मिल रहा था पर पिछले दिनों कुछ वाहन चालकों ने परिवहन विभाग में झूठी शिकायत कर बस का संचालन बंद करवा दिया है। बस का संचालन बंद होने से गांवों के लोग परेशान है। पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने एक स्वर में दोबारा बस का संचालन किए जाने की मांग उठाई है। इस दौरान ग्राम प्रधान हरीनगर हरतोला मुन्नी देवी, प्रधान लोहाली निर्मला बिष्ट, प्रधान उल्गौर गंगा भट्ट, कमलेश भट्ट, सुन्दर लाल, रतन सिंह रावत, गोपाल सिंह गढ़िया, पूरन सिंह, बचीराम, सुभाष रैक्वाल, ईश्वर सिंह आदि मौजूद रहे।