🔳 वन विभाग व ग्रामीणों ने बामुश्किल बुझाई आग
🔳 दोबारा फिर अराजकता कर लगा दी गई आग
🔳 कुछ दिन पहले ही अभियान चलाकर किया गया पौधरोपण
🔳 वन पंचायत सरपंच ने मामले में कार्रवाई पर दिया जोर

[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे रैंगल वन पंचायत व जंगलात क्षेत्र में पौधरोपण अभियान के बाद आग धधकने से हड़कंप मच गया। वन पंचायत सरपंच की सूचना पर वन विभाग व ग्रामीणों की टीम ने बामुश्किल आग पर काबू पाया। सरपंच ने आग लगाने वाले अराजक तत्व पर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।

हाईवे से सटा रैगल वन पंचायत व जंगलात क्षेत्र अराजक तत्वों के निशाने पर आ गया है। पिछले तीन दिनों से लगातार आग की घटना सामने आने से क्षेत्रवासियों में गहरा रोष व्याप्त है। वन पंचायत सरपंच तुलसी देवी के अनुसार कुछ दिन पूर्व वन विभाग के सहयोग से वन पंचायत व जंगलात क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर चौड़ी पत्ती के पौधे रोपे गए पर दूसरे दिन उसी क्षेत्र से कुछ दूर आगे लगा दी गई। आग की विकराल लपटों ने वन संपदा को जलाकर राख कर डाला। वन विभाग व ग्रामीणों की मदद से बामुश्किल आग पर काबू पाया गया पर शुक्रवार को एक बार फिर वन पंचायत व जंगलात क्षेत्र को आग के हवाले कर दिया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। वन पंचायत सरपंच व ग्रामीणों ने वन पंचायत तथा जंगलात क्षेत्र में आग लगाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई पर जोर दिया है तथा जंगलों को आग से बचाने को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है।