🔳 क्वारब पुलिस की टीम ने अन्य राज्यों की पुलिस से भी साधा संपर्क
🔳 आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने का प्रयास तेज
🔳 तीन दिन पूर्व गैराडी गांव के समीप नदी क्षेत्र में मिला था शव
🔳 शव बरामद होने से क्षेत्र में मचा है हड़कंप
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
रामगढ़ ब्लॉक के गैराडी ग्राम पंचायत के कुमनिया नदी क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले अज्ञात शव की तीन दिन बाद भी शिनाख्त नहीं हो सकी है। क्वारब पुलिस की टीम ने उत्तराखंड के साथ ही उत्तर प्रदेश व हरियाणा पुलिस से शव की शिनाख्त को संपर्क साधा है। वहीं आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ ही पूछताछ का कार्य भी तेज कर दिया है।
गैराडी गांव स्थित कुमनिया नदी क्षेत्र में बीते रविवार को मिले अज्ञात शव से गांव में सनसनी फ़ैल गई। चरवाहों की सूचना पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पनी राम, क्वारब, भवाली व खैरना पुलिस की टीम के पहुंचने तथा शव को कब्जे में लेने व पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेजने के बाद अब पुलिस ने शव की शिनाख्त को प्रयास तेज कर दिए है पर तीन दिन बीतने के बावजूद अब तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव को फिलहाल नैनीताल स्थित मोर्चरी में रखवाया गया है। शव की शिनाख्त को पुलिस ने रामगढ़ ब्लॉक के गांवों के साथ से बेतालघाट, भीमताल व आसपास के ब्लॉकों के गांवों से जानकारी जुटाने का कार्य तेज कर दिया है। वहीं उत्तर प्रदेश, हरियाणा व आसपास के राज्यों की पुलिस से भी संपर्क साधा गया है। चौकी प्रभारी क्वारब मनोज अधिकारी के अनुसार शव की शिनाख्त को प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मामले की जांच भी की जा रही है।
