◾यूथ कार्यक्रम के लिए भी सात विद्यार्थियों का चयन
◾एक वर्ष तक प्रतिमाह मिलेगी पंद्रह सौ रुपये छात्रवृत्ति
◾मेधावियों के चयन पर क्षेत्रवासियों में खुशी
(((टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

रामगढ़ ब्लॉक के प्यूडा़ गांव में स्थित आरोही बाल संसार विद्यालय के नौ मेधावियों का चयन मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी स्कालरशिप के लिए हुआ है। विद्यालय में अध्ययनरत छह छात्राओं तथा तीन छात्राओं के चयन पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई है। विद्यालय प्रबंधन ने भी अभिभावकों को बधाई दी है।
आरोही बाल संसार विद्यालय प्यूडा़ के मेधावियों ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम आगे बढ़ाया है। पूर्व में कई विद्यार्थियों के राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में चयन के बाद अब विद्यालय के नौ विद्यार्थियों का चयन मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी छात्रवृत्ति के लिए हुआ है‌। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार तीन छात्र जबकि छह छात्राओं का चयन छात्रवृत्ति के लिए हुआ है। खंड शिक्षा अधिकारी गीतिका जोशी के मार्गदर्शन में रामगढ़ ब्लॉक के 28 विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए हुआ है जिसमें आरोही विद्यालय के ही चौदह विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया जिसमें से नौ विद्यार्थियों का चयन छात्रवृत्ति के लिए हुआ है। आरोही संस्था के यूथ कार्यक्रम के तहत भी सात मेधावियों का चयन हुआ है। एक वर्ष तक प्रत्येक महीने नौनिहालों को पंद्रह सौ रुपये छात्रवृत्ति दी जाएगी। संस्था के अधिशासी निदेशक डा. पंकज तिवारी ने नौनिहालों की उपलब्धि पर अभिभावकों व शिक्षकों को बधाई दी है।

error: Content is protected !!