◾ कुछ ही दिन मिल सकी राहगीरों को राहत
◾ वाहनों को बेतरतीब ढंग से खड़े किए जाने से मंडराया दुर्घटना का भी खतरा
◾ क्षेत्रवासियों ने उठाई व्यवस्था में सुधार की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित खैरना चौराहे पर अतिक्रमण हटने के बाद अब अवैध पार्किंग अस्तित्व में आ गई है। वाहनों को बेतरतीब ढंग से खड़े कर दिए जाने से स्कूली नौनिहालों व राहगीरों पर भी दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण हटने के बाद अब अस्तित्व में आई अवैध पार्किंग को हटाए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
दरअसल उच्च न्यायालय के आदेश के बाद हरकत में आए एनएच विभाग ने अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर अतिक्रमण चिह्नित करने को विशेष अभियान चलाया। खैरना चौराहे पर वर्षों से अवैध कब्जा जमाने बैठे लोगों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी भी दी गई। अवैध कब्जा कर दुकानें संचालित करने वाले अतिक्रमणकारियों ने चेतावनी मिलने के साथ ही अतिक्रमण हटा लिए। आए दिन जाम की समस्या से जूझ रहे खैरना चौराहे से अवैध कब्जे हटने से काफी हद तक स्कूली बच्चों व राहगीरों को आवाजाही में राहत मिली। अभी अवैध कब्जे सटे सप्ताह भर भी नहीं बीता था की अब चौराहे पर उक्त स्थान पर अवैध पार्किंग अस्तित्व में आ गई है। वाहन चालको के बेतरतीब ढंग से वाहनों को खड़ा कर दिए जाने से दुर्घटना का खतरा भी दोगुना हो गया है। स्थानीय व्यापारी पुष्कर सिंह पनौरा ने अवैध पार्किंग हटाए जाने की मांग उठाई है ताकी चौराहे पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त होने के साथ ही स्कूली नौनिहालों को भी आवाजाही में राहत मिल सके।
