◾खेत रोखड़ में तब्दील, हल्दी की उपज भी हुई बर्बाद
◾ सिंचाई नहर, पेयजल योजना व आवासीय मकान क्षतिग्रस्त
◾ग्रामीणों ने उठाई प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की मांग
◾बेतालघाट ब्लॉक के सेठी धारकोट गांव के चांदपुर तोक का मामला
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश आफत बनकर बरसने लगी है। बेतालघाट ब्लॉक के सेठी धारकोट ग्राम पंचायत के तोक चांदपुर में मध्य रात्रि हुई बारिश ने परेशानी खड़ी कर दी है। गांव के समीप बहने वाले चांदपुर बरसाती नाले ने सिंचाई नहर क्षतिग्रस्त कर डाली है। मलबा किसानों के खेतों तक घुस गया। स्थानीय ग्रामीण के मकान का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
गुरुवार मध्य रात्रि हुई बारिश से चांदपुर गांव के समीप बहने वाला बरसाती गधेरा उफान में आ गया। बरसाती गधेरे के उफान में आने से गांव में हड़कंप मच गया। हो हल्ले के साथ कई परिवार घरों से बाहर निकल आए। इसी बीच स्थानीय हरी राम के आवासीय मकान का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही की बडा़ हादसा टल गया। बरसाती नाले ने गांव की सिंचाई नहर व पेयजल योजना भी क्षतिग्रस्त कर डाली है । किसानों के खेत मलबे से पटकर रोखड़ में तब्दील हो चुके हैं। हल्दी की उपज को भारी नुकसान पहुंचने से कास्तकार मायूस है। गांव तक पहुंचने वाला मोटर मार्ग भी जगह जगह मलबा आने से बाधित है। गांव की पेयजल योजना क्षतिग्रस्त होने से पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई है। गांव के बाशिंदे बूंद बूंद पानी के लिए भी दूरदराज रुख करने को मजबूर हो चुके हैं। ग्राम प्रधान प्रेमा गिरी गोस्वामी, प्रदीप गोस्वामी, प्रेम गिरी, गिरीश चंद्र, त्रिलोक चंद्र आदि ने व्यवस्थाओं में सुधार किए जाने के साथ ही गांव का सर्वे कर प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
