◾पहाड़ से वाहन में लाद हल्द्वानी ठिकाने ले जाए जा रहे थे 280 टीन
◾ अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर भवाली के समीप दबोचा
◾वन विभाग की कार्रवाई से लीसा तस्करों में हड़कंप मचना तय
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही लीसा तस्करी पर अब वन विभाग ने शिकंजा कसना शुरु कर दिया है। वन विभाग की टीम ने अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर पहाड़ से तस्करी कर लाए जा रहे लगभग तीन लाख रुपये से अधिक की लागत का अवैध लीसा पकड़ लिया। वाहन में करीब 280 टीन लीसा बरामद हुआ है। विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई शुरु कर दी है।
बीते दिनों क्वारब पुलिस के 120 टीन अवैध लीसा पकड़ने के बाद अब वन विभाग की टीम ने भी अवैध लीसा तस्करी का खुलासा कर दिया है। रविवार को वन विभाग की टीम ने अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर भवाली के नजदीक विशेष चैकिंग अभियान चलाया। पहाड़ की ओर से हल्द्वानी की ओर जा रहे वाहन यूपी 22 एटी 1926 को रोका गया। एकाएक वाहन रोके जाने से वाहन में सवार पवन सिंह व धन सिंह सख्ते में आ गए। तलाशी लेने पर वाहन में लीसा लदा पाया गया। वाहन में सवार लोग लीसे से संबंधित कोई कागजात नहीं दिखा सके। विभागीय अधिकारियों के अनुसार वाहन में लदे लगभग 280 टीन अवैध लीसे की कीमत लगभग तीन लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है साथ ही तस्करों का नेटवर्क भी खंगाला जा रहा है।इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी नथुआखान प्रमोद कुमार आर्या, विजय मेलकानी, हेम चन्द्र गहतोड़ी आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!