◾ आपदा प्रभावित हली गांव में आज भी हालात जस के तस
◾ आपदा को चार दिन से अधिक का समय बीतने के बावजूद नहीं ली गई सुध
◾ अब भी बडे़ खतरे के अंदेशे से दहशत में हैं गांव के बाशिंदे
◾ एसडीएम के फरमान की अनदेखी से क्षेत्रवासियों में रोष
◾बडे़ बडे़ दावे करने वाले अफसरों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

रामगढ़ ब्लॉक के आपदा प्रभावित हली गांव के हालात आज भी जस के तस है। गांव के बीचोबीच मलबा भरा पड़ा है। आपदा प्रभावितों के घर भी मलबे से पटे है। उपजिलाधिकारी के गांव का निरीक्षण करने तथा मलबा हटाए जाने के निर्देश दिए जाने के बावजूद सुध न लिए जाने से आपदा प्रभावित व गांव के बाशिंदों में गहरी नाराजगी है। आरोप लगाया की आपदा प्रभावित क्षेत्र में ही एसडीएम के आदेश की अनदेखी विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली की हकीकत बंया कर रही है। आपदा में व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के दावे करने वाले अफसरों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। क्षेत्र के लोगों ने चेताया है कि यदि उपेक्षा की गई तो फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।
बीते मंगलवार को हली गांव में तितोली सड़क मार्ग से घुसे मलबे ने काफि कहर बरपाया। कई गौवंशीय पशुओं की मलबे में दबकर मौत हो गई। ग्रामीणों के घर मलबे से पट गए। पल भर में ही खेत रोखड़ में तब्दील हो गए। ग्रामीणों ने बामुश्किल भाग कर जैसे तैसे जान बचाई। अब अफसरों की अनदेखी आपदा प्रभावित गांव पर भारी पड़ रही है। घटना को चार दिन से अधिक का समय बीतने के बावजूद गांव के बीचोबीच घुसे मलबे को नहीं हटाया जा सका है। मकानों में घुसा मलबा भी जस का तस हैं। ये हालात तब है जब आपदा के दूसरे दिन ही एसडीएम कोश्या कुटोली ने गांव पहुंचकर लोनिवि तथा पीएमजीएसवाई व अन्य विभागों के अधिकारियों को मलबे के निस्तारण के निर्देश दिए थे। स्थानीय गोधन सिंह बिष्ट के अनुसार गांव को अब भी लगातार खतरा बना हुआ है। बारिश होने पर बड़ी घटना सामने आ सकती है बावजूद अनदेखी की जा रही है। अब तक मलबे का निस्तारण नहीं किया जा सका है जिससे भविष्य में खतरा बढ़ने की आंशका है। सोबन सिंह, प्रेम सिंह, मोहन सिंह, टीकम सिंह आदि लोगों ने गांव की उपेक्षा किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई है। जल्द व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई है। उपजिलाधिकारी पारितोष वर्मा के अनुसार अब तक मलबे का निस्तारण क्यों नहीं किया जा सका है पता लगाया जाएगा।

error: Content is protected !!