◾हाइवे पर गिरे बोल्डर, कई यात्री वाहन बाल बाल बचे
◾ चार घंटे ठप रहा यातायात, वाहनों की लगी लंबी कतार
◾ जेसीबी मशीन से बामुश्किल बोल्डर हटाने के बाद खतरे के बीच फिर शुरु हुई आवाजाही
◾लोहाली समेत अन्य स्थानों पर भी पहाड़ी से हाइवे पर गिरे पत्थर
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
मूसलाधार बारिश के साथ ही अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर अतिसंवेदनशील भोर्या बैंड क्षेत्र में थुआ की कमजोर पहाड़ी दरक गई। पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरने से हाइवे पर आवाजाही भी ठप हो गई। जेसीबी मशीन की मदद से बामुश्किल बोल्डर हटाए जाने के बाद यातायात सुचारु हुआ। लोहाली समेत अन्य स्थानों पर भी रुक रुक कर पत्थर गिरते रहे।
बारिश के साथ ही अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर सफर खतरनाक हो चला है। गुरुवार को सुबह दस बजे के आसपास अतिसंवेदनशील भोर्या बैंड क्षेत्र में एकाएक थुआ की पहाड़ी से बोल्डर व मलबा हाइवे तक पहुंच गए। गनीमत रही की बोल्डरो की चपेट में कोई यात्री वाहन नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। आवाजाही ठप होने से तराई से पहाड़ तथा पहाड़ से तराई जा रहे छोटे बडे़ वाहन जहां तहां फंस गए। यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर एनएच कर्मी जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचे। कडी़ मशक्कत के बाद बामुश्किल मलबा हटाया जा सका तब जाकर करीब चार घंटे बाद यातायात सुचारु हो सका। आवाजाही सुचारू होने से यात्रियों ने भी राहत की सांस ली। हाइवे पर लोहाली, दोपांखी, पाडली, नावली, जौरासी आदि क्षेत्रों में भी रुक रुक कर पत्थर गिरते रहे।
