◾हाईवे पर खैरना क्षेत्र के समीप बस में आई तकनीकी खराबी
◾ डेढ़ घंटे से ज्यादा इंतजार के बाद दूसरी बस से भेजे गए यात्री
◾उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर यात्रियो ने जताई नाराजगी
◾पहाड़ी मार्गो पर चलने वाली बसों की अनदेखी पर भी उठाए सवाल
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर बागेश्वर से दिल्ली जा रही रोडवेज की बस में तकनीकी खराबी आ गई। यात्रियों को परेशानी का सामना करना पडा़। कई घंटे इंतजार के बाद बामुश्किल दूसरी बस से यात्रियों को गंतव्य को भेजा जा सका। पहाड़ी मार्गो पर चलने वाली बसों को दुरुस्त न रखने पर यात्रियों ने परिवहन निगम के खिलाफ गहरी नाराजगी जताई।
बस चालक पूरन लाल व परिचालक सुंदर कोरंगा मंगलवार को बस यूके 07 पीए 2965 में बागेश्वर से करीब 18 यात्रियों को लेकर दिल्ली की ओर रवाना हुए। बस अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खैरना क्षेत्र के समीप पहुंची थी एकाएक बस में तकनीकी खराबी आ गई। चालक ने निरीक्षण किया तो वाटर पंप में रिसाव होने की दिक्कत सामने आई जिससे बस बार-बार गर्म हो रही थी। इस बीच यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ा। लंबे रूट की बसों को बगैर मरम्मत भेजने पर गहरी नाराजगी जताई। आरोप लगाया की अधिकारियों की अनदेखी का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। करीब डेढ़ घंटे से ज्यादा इंतजार के बाद यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य को भेजा जा सका।
