◾ सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर किया गया रैफर
◾हाइवे पर गरमपानी के समीप हुआ हादसा
◾ यातायात भी हुआ ठप, पुलिस ने करवाया सुचारु
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कार व बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। सीएचसी गरमपानी में प्राथमिक उपचार के बाद दोनो घायलों को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। दुर्घटना से हाइवे पर आवाजाही भी ठप हो गई। चौकी पुलिस खैरना की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर किनारे लगाया तब जाकर बामुश्किल यातायात सुचारु हुआ।
रविवार को अल्मोड़ा निवासी मनीष सिंह बनकोटी तथा दिव्याशु रावत बाइक यूके 04 एन 9822 में सवार होकर अल्मोड़ा से कैंची क्षेत्र की ओर रवाना हुए। दोनों अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर गरमपानी मुख्य बाजार के समीप पहुंचे ही थे की विपरीत दिशा से आ रही कार यूके 04 यू 2734 से आमने सामने भिड़ंत हो गई। वाहनों की टक्कर की आवाज सुन आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े साथ ही चौकी पुलिस खैरना को भी सूचना दी गई। चौकी प्रभारी दिलीप कुमार मय टीम मौके पर पहुंचे तथा निजी वाहन से बाइक सवार दोनों युवकों को उपचार के लिए सीएचसी गरमपानी पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया। दुर्घटना से हाईवे पर आवाजाही भी ठप हो गई। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस टीम ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को हाइवे से हटाया तब जाकर बामुश्किल यातायात सुचारु हुआ।
