◾ पहले चरण की सर्वे रिपोर्ट मिलने के बाद एनएच प्रशासन ने कुछ और बिंदुओं पर मांगी रिपोर्ट
◾ सुगम यातायात को एक किमी फ्लाईओवर का होना है निर्माण
◾ टेक्निकल कंसलटेंसी सर्विस देहरादून के पास है सर्वे की जिम्मेदारी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर सुप्रसिद्ध कैंची धाम क्षेत्र में सुगम यातायात को कवायद तेज हो गई है। जहां एक ओर प्रशासन ने पार्किंग निर्माण को भूमि चिन्हित कर पर्यटन विभाग को सौंप दी है वहीं एनएच प्रशासन ने भी फ्लाईओवर निर्माण को पहले चरण में किए गए सर्वे पर तेजी से कार्य करना शुरू कर दिया है। एनएच प्रशासन ने टेक्निकल कंसलटेंसी सर्विस देहरादून से फ्लाईओवर निर्माण में पिलर, सड़क की चौड़ाई, लंबाई तथा निर्माण की जद में आने वाले भवनों व दुकानों का दोबारा सर्वे कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है। एनएच के सहायक अभियंता जीके पांडे के अनुसार उच्चाधिकारियों के निर्देश पर फ्लाईओवर निर्माण को गंभीरता से कार्य किया जा रहा है
हाईवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ आए दिन बढ़ती ही जा रही है एनएच पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम बड़ी समस्या बन चुकी है। हालांकि जिला प्रशासन ने मंदिर के समीप ही भूमि चिन्हित कर पर्यटन विभाग को सौंप दी है। अस्थाई रूप से वाहन पार्क भी किए जा रहे हैं। आवाजाही सुगम रहे इसके लिए एनएच प्रशासन भी गंभीर है। श्रद्धालुओं व यात्रियों को परेशानी का सामना ना करना पड़े इसके लिए पहले चरण में एक किलोमीटर फ्लाईओवर निर्माण के लिए भी सर्वे कर लिया गया है। बीते दिनों एनएच के अधिकारियों ने फ्लाईओवर निर्माण के लिए रूपरेखा तैयार करने के साथ स्थलीय निरीक्षण भी किया है। फ्लाईओवर से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले बड़े वाहन आवाजाही कर सकेंगे जिससे कैंची धाम क्षेत्र में जाम से निजात मिल सकेगी। टेक्निकल कंसलटेंसी सर्विस देहरादून (टीसीएस) ने सर्वे रिपोर्ट एनएच को सौंपी है। जिसमें फ्लाईओवर निर्माण को तमाम बिंदु उपलब्ध कराए गए हैं वहीं अब एनएच प्रशासन प्रशासन ने टेक्निकल कंसलटेंसी सर्विस देहरादून से दोबारा रिपोर्ट मांग ली है। तीन मीटर के पिलर निर्माण, रोड का एलाइनमेंट, लंबाई, चौड़ाई समेत निर्माण की जद में आने वाले भवन, दुकानों व भूमि के साथ ही अन्य बिंदु पर जानकारी मांगी है। एनएच के सहायक अभियंता जीके पांडे के अनुसार रिपोर्ट मिलने के बाद उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। दावा किया है कि फ्लाईओवर निर्माण के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है।
